Breaking News

हम भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए हर समय तैयार : नौसेनाध्यक्ष

नौसेना दिवस पर तीनों सेना प्रमुखों ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली । नौसेना दिवस पर रविवार को तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने 1971 में पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान ऑपरेशन ट्राइडेंट में बमबारी और कराची बंदरगाह को नष्ट करने की शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस साल पहली बार नौसेना दिवस समारोह राष्ट्रीय राजधानी के बाहर विशाखापत्तनम में आयोजित किया जा रहा है। भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशिष्ट अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम की गवाह बनेंगी। इस कार्यक्रम में नौसेना ‘ऑपरेशनल डेमोंस्ट्रेशन’ के माध्यम से भारत की लड़ाकू शक्ति और क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।

पाकिस्तान के साथ 1971 में युद्ध के दौरान ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ में भारतीय नौसेना की भूमिका और उपलब्धियों को याद करने के लिए भारत हर साल 04 दिसंबर को नौसेना दिवस के रूप में मनाता है। सशस्त्र बलों के प्रमुख सीडीएस जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और वाइस आर्मी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू ने नौसेना दिवस के अवसर पर नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। नौसेनाध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार ने इस मौके पर कहा कि हम भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए हर समय तैयार हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना त्रुटिहीन समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करके हमारे देश को सुरक्षित रखने में सबसे आगे है। राष्ट्र को भारतीय नौसेना के शौर्य, साहस, प्रतिबद्धता और व्यावसायिकता पर गर्व है। थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज पांडे और भारतीय सेना के सभी रैंकों ने भारतीय नौसेना के सभी रैंकों, दिग्गजों और परिवारों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय नौसेना का गौरव और सफलता हमेशा बनी रहे। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और भारतीय वायुसेना के सभी कर्मियों ने नौसेना दिवस के अवसर पर भारतीय नौसेना को बधाई और शुभकामनाएं दी।

रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना की नीली पानी की क्षमता देश को दुनिया भर में अपनी पहुंच और सौम्य प्रभाव का विस्तार करने में मदद करती है। सरकार हमारी नौसेना को आत्मनिर्भर बनाने पर ध्यान देने के साथ आधुनिकीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया कि सफेद रंग की वर्दी वाले सभी पुरुषों और महिलाओं को बधाई, जो हमारी समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। राष्ट्र अपने समुद्री बल की वीरता और बहादुरी को सलाम करता है।

भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक वीएस पठानिया ने भारतीय नौसेना के सभी रैंकों, भूतपूर्व सैनिकों और परिवारों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं दी। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारत डायनामिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने नौसेना के योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सेवा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीडीएल स्वदेशी तकनीक का उपयोग करके विश्व स्तरीय हथियारों का उत्पादन करके भारतीय नौसेना को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उपराष्ट्रपति ने नौसेना कर्मियों को दीं नौसेना दिवस की शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने ट्वीट कर कहा, “नौसेना दिवस पर सभी नौसेना कर्मियों और सेवानिवृत्त सैनिकों को बधाई। कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्साही देशभक्ति के लिए जानी जाने वाली भारतीय नौसेना हमारे तटों की रक्षा करने और समुद्री खतरों का मुकाबला करने में सबसे आगे है। राष्ट्र उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए कृतज्ञ है। मेरी शुभकामनाएं।” (हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button