
अघोर सेवा आश्रम के महंत रामकृष्ण के आकस्मिक निधन से शोक की लहर
दुद्धी, सोनभद्र– नगर के अघोर सेवा आश्रम ( दुर्गा मंदिर ) के महंत बाबा रामकृष्ण शर्मा की सोमवार की अल सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। महंत के निधन की खबर फैलते ही पूरे दुद्धी क्षेत्र सहित अघोर सेवा परिवार में शोक की लहर दौड़ गयी | मूलतः मझियांव झारखंड के निवासी बाबा नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद से ही अघोर पंथ के सिंह शावक राम बाबा की प्रेरणा से अघोर सेवा मंडल से जुड़ गए और कई आश्रम रेणुकूट, मंसूरी, दिलदारनगर ,पड़ाव वाराणसी, गाजीपुर आदि आश्रमों में सेवा दिया। वर्तमान में दुद्धी रामनगर स्थित कलकली बहरा अघोर सेवा मंडल आश्रम की जिम्मेदारी इनके ऊपर थी और कुछ साल पहले दुद्धी में आश्रम के ठीक पीछे जमीन लेकर घर मकान बनाकर अपनी पत्नी संग रहते थे।

मृदुभाषी एवं सौम्य स्वभाव के मिलनसार बाबा बड़े ही ऊर्जावान थे, जो अघोर सेवा मंडल संस्थान स्थित कई आश्रमों में अघोरेश्वर भगवान राम की सेवा कर चुके व कई संतों के सानिध्य में रहे| दुद्धी क्षेत्र के कई लोगों की पारिवारिक सांसारिक समस्याओं का समाधान भी चुटकियों में इनके द्वारा कर दिया जाता था जो भी दुखियारा मंदिर आश्रम में आता था वह अपने दुख बाबा से मिलकर भूल जाता था। आश्रम स्थित कलकल्ली बहरा मलिन बस्ती के लोगों से इनका काफी जुड़ाव था, उनके सुख दुख में वे साथ होते थे |बाबा जी के आकस्मिक मृत्यु से उनके परम् अनुयायी बार अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव सेट सैकड़ो लोग मर्माहत हैं। सुबह से ही उनके पार्थिव शरीर के अन्तिम दर्शन करने के लिए अनुयायियों व शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ी रही। अंतिम दर्शन के बाद दुद्धी से उनका पार्थिव शरीर सन्त कीनाराम मठ क्री कुंड वाराणसी ले जाया गया। वहां अघोर पंथ की विधि विधान से आसन देकर हरिश्चन्द्र घाट पर दाह संस्कार सम्पन्न होगा।



