
व्यापार मंडल अध्यक्ष का वाराणसी में निधन, शोक की लहर
मेदांता से लौटने के 23 दिनों बाद बीएचयू में इलाज के दौरान मंगलवार को ली अंतिम सांस
दुद्धी, सोनभद्र- व्यापार मंडल दुद्धी के अध्यक्ष अक्षयवर नाथ जी की मंगलवार की दोपहर बीएचयू में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर लगते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मेदांता लखनऊ में इलाज कराकर लौटे अक्षयवर जी की हालत काफी खराब होने के बाद चिकित्सकों ने 11 सितम्बर को ही दो चार घंटे का मेहमान बताकर जवाब दे दिया था। परिजन उन्हें वापस घर ले आये। लेकिन दुद्धी में तीन दिन तक हालत स्थिर रहने के कारण परिजनों में एक बार फिर उनके स्वस्थ होने की उम्मीद जगी और बीएचयू वाराणसी में भर्ती कराया। वहां भी करीब 20 दिनों तक इलाज के बाद भी स्वास्थ्य में लगातार गिरावट होता रहा।बीएचयू में ही मंगलवार की दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
ज्ञातव्य हो कि हर दिल अजीज अक्षयवर नाथ अपने हंसमुख स्वभाव एवं व्यापारी हित में समर्पित योगदान के कारण लम्बे समय से व्यापार संघ का नेतृत्व करते रहे। उनके निधन की खबर लगते ही व्यापार संघ समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।



