
आदिवासी क्षेत्रों में जमकर बरसे वोट, बरखोहरा में 77 फीसदी रिकार्ड मतदान
लोकतंत्र के इस महापर्व पर लोगों ने दिखाई जागरूकता
दुद्धी–विधान सभा चुनाव के अन्तिम चरण मतदान में दुद्धी विधान सभा क्षेत्र में जमकर वोट बरसे।मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग द्वारा किये गए तमाम प्रयासों का सार्थक परिणाम देखने को मिला है।जहां एक ओर नगरीय क्षेत्र में 61.3 फीसदी वोट पड़े।वहीं दुसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में औसत 70 फीसदी तक वोट बरसे।सबसे ज्यादा मतदान बरखोहरा में 77 फीसदी व बैरखड़ में 71.5,गुलालझरिया में 76% फीसदी मतदान हुआ। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों समेत नगरीय इलाकों में प्रातः 7 बजे से प्रारम्भ हुए मतदान में लाईन लगनी शुरू हो गयी थी, जो दोपहर 1 बजे तक लम्बी कतार लगी रही। उसके बाद सायं 4 बजे तक छिटफुट लोग ही मतदान के लिए निकले।
चुनाव आयोग द्वारा निष्पक्ष, निर्विघ्न व शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने हेतु क्षेत्र के सभी बुथों पर पुुुलिस के अलावा अत्याधुनिक हथियारों से लैस सीआरपीएफ, सीआईएसएफ समेत कमांडो की तैनाती की गयी थी। गत चुनाव की तुलना में इस बार मतदान को लेकर लोगों में अच्छी रुझान देखने को मिली।लोग सुबह से ही सारे काम-काज को छोड़कर,वोट डालने निकल पड़े।इसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। क्षेत्र के महुली, फुलवार, जोरूखाड़, बुटबेड़वा, सलैयाडीह, हरपुरा, बरखोहरा, बैरखड़, कुदरी, सुन्दरी,भीसुर, बघाड़ू,टेढ़ा, निमियाडीह, खजुरी, जाबर, पिपराडीह, रजखड़, बीड़र, कादल, धनौरा,दुम्हान, कटौली, मझौली, झारो, मल्देवा, डुमरडीहा समेत सभी स्थानों पर सायं 4 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हो चुकी थी।

वोटिंग मशीन चालू न होने से मतदान घंटों रही बाधित
दुद्धी- दुद्धी ब्लाक क्षेत्र के बघाडू गांव में बूथ संख्या 245 पर वोटिंग मशीन में खराबी के कारण मतदान घंटों बाधित रही। चुनाव आयोग के स्लोगन “पहले मतदान फिर जलपान” पर जागरूक मतदाताओं ने प्रातः 7 बजे से ही अधिकांश बूथों पर लम्बी लाईन लगानी शुरू कर दी थी। बघाडू के बूथ संख्या 245 पर भी सैकड़ो वोटरों की लाईन लग चुकी थी।लेकिन घंटो वोटिंग मशीन चालू न होने से मतदाता हलकान रहे। इस बाबत सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बताया कि वोटिंग मशीन में तकनीकी समस्या आई थी। करीब 40 मिनट के बाद मशीन रि-स्टार्ट हो गयी और मतदान प्रारंभ करा दी गयी।
पीठासीन अधिकारी के मतदाता सूची से कई मतदाताओं के नाम गायब, आक्रोश
दुद्धी- नगर के आदर्श मतदान केंद्र बीआरसी दुद्धी के बूथ संख्या 291 पर वार्ड नंबर 6 निवासी अशोक कुमार पुत्र हलखोरी का मतदाता संख्या- 834 पर सूची में दर्ज है। उक्त क्रमांक की पर्ची भी बीएलओ द्वारा प्रदान की गई थी।जिसे लेकर वह मतदान करने बूथ पर पहुंचा। मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी के पास उपलब्ध मतदान सूची में सिर्फ 833 क्रमांक तक ही मतदाताओं का रिकार्ड था।
आगे की क्रमांक न होने के कारण मतदान करने से अशोक को रोक दिया गया। इसी तरह बूथ संख्या 297 पर मनीता गुप्ता पत्नी दिलीप कुमार गुप्ता का क्रमांक 1002 था।इनका भी पीठासीन अधिकारी के पास रिकार्ड न होने के कारण उनका भी मतदान न हो सका। जिसकी सूचना सक्षम अधिकारी, उप जिलाधिकारी व जिलाधिकारी सोनभद्र को दूरभाष के माध्यम से दी गई। उधर मतदाता का मतदान नहीं होने को लेकर आक्रोश चरम पर था। इसके अलावा इस बार नगर के कई वार्डों के मतदाता सूची से बहुत से लोगों के नाम गायब होने की शिकायत भी मिली है।जबकि चुनाव आयोग अधिकाधिक मतदान के लिए अनेक उपाय करती है, बावजूद इसके इस गंभीर लापरवाही के कारण कई मतदाता अपने अमूल्य मत से वंचित रह गये।



