
दुद्धी, सोनभद्र :नगर निवासी अध्यापिका वंदना कुशवाहा ने मि.पूर्वांचल श्री बेंच प्रेस चैम्पियनशिप 2022 प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल के साथ चैम्पियनशिप ट्राफी पर कब्जा कर पूरे क्षेत्र का नाम रौशन किया है। फिटनेस को लेकर लड़कियों व महिलाओं में जागरूकता लाने वाली श्रीमती कुशवाहा ने इससे पहले भी कई चुनौतियों का सामना करते हुए, अपना परचम लहराया है।

तृतीय इंडियन क्लासिक मि.पूर्वांचल एवं पूर्वांचल श्री चैंपियनशिप 2022 द्वारा वाराणसी में आयोजित इस चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में आठ दर्जन महिला प्रतिभागियों ने अपना दमखम दिखाया। जिसमें दुद्धी क्षेत्र से प्रतिभाग करने वाली वंदना कुशवाहा ने 63 किलो भार ग्रुप में बेंच प्रेस प्रतिस्पर्धा में सभी प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल के साथ चैम्पियनशिप ट्राफी झटक लिया।इस प्रकार वंदना पूर्वांचल की इस गौरवशाली प्रतिस्पर्धा में प्रतिभाग कर, चैंपियनशिप ट्राफी व गोल्ड जीतने वाली दुद्धी क्षेत्र की पहली महिला खिलाड़ी बन गयीं हैं।
उनके इस कामयाबी से जनपद में हर्ष का माहौल है। वहीं 53 किलो भार ग्रुप में सोनभद्र की रजनी ने दूसरा स्थान एवं 64 किलो भार ग्रुप में रेनुकूट को बबीता गुप्ता ने भी दूसरा स्थान प्राप्त कर जनपद एवं क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वंदना ने अपने इस कामयाबी एवं हौसला अफजाई के लिए पति अखिलेश चंद कुशवाहा, सहयोगी सिस्टर संगीता वर्मा एवं फिजिकल फिटनेस के लिए हल्क जिम का योगदान बताते हुए, आभार जताया है।



