HealthNational

भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करें टीका कंपनी: मोदी

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में एक अरब कोविड टीकाकरण की उपलब्धि में टीका बनाने वाली स्वदेशी कंपनियों की भूमिका की सराहना करते हुए आज कहा कि उन्हें मिलकर काम जारी रखना चाहिए जिससे कि भविष्य की चुनौतियों से निपटा जा सके।देश में एक अरब टीकाकरण की उपलब्धि हासिल किए जाने के दो दिन बाद श्री मोदी ने शनिवार को टीका बनाने वाली स्वदेशी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि इस उपलब्धि में आप सभी का बहुत बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षो में इस महामारी का मुकाबला करते हुए जो सर्वश्रेष्ठ चीजें हमने सीखी हैं उन्हें संस्थागत रूप दिए जाने की जरूरत है जिससे कि उन्हें विश्व स्तर का बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि टीकाकरण की सफलता के मद्देनजर पूरी दुनिया की निगाह भारत पर टिकी हुई है इसलिए हमारे देश की टीका बनाने वाली कंपनियों को मिलकर काम करते रहना चाहिए जिससे कि भविष्य की चुनौतियों से निपटा जा सके।

टीका बनाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों ने टीका बनाए जाने की प्रक्रिया के दौरान बहुआयामी नेतृत्व और विजन के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की। उन्होंने टीका बनाने की प्रक्रिया के दौरान विभिन्न स्तर पर सरकार से मिले सहयोग और नियमों को सरल बनाए जाने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button