
UP कांग्रेस अध्यक्ष का आर.पी.एन.सिंह पर तंज ,लल्लू बोले राजा को रास नहीं आया मेरा अध्यक्ष बनना
लल्लू नें पूछा : खुद को अगड़ा बताने वाले पिछड़ों के नेता कैसे हो गये
लखनऊ : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे आरपीएन सिंह के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से झुल्लाये पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि वे (आरपीएन सिंह) राजा महाराजा हैं, उनका मेरे जैसे छोटी बिरादरी के ग़रीब आदमी का कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनना रास नहीं आ रहा था इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी।लल्लू ने बुधवार को कहा “ अति पिछड़े, गरीब, किसान, मजदूर के बेटे को कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष बनाया, इसलिए उन्होंने (आरपीएन) कांग्रेस से इस्तीफ़ा दे दिया।
वर्ष 2013 में जब वह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री थे, एक गरीब कार्यकर्त्ता को तमकुही राज में पुलिस ने बुरी तरह मार-पीटा। जब मैंने इस घटना के विरोधस्वरूप आंदोलन शुरू किया, तो आरपीएन सिंह मुझ पर लगातार दबाव बनाते रहे कि आप लड़ाई मत लड़ो, संघर्ष मत करो, लेकिन मैंने लड़ाई लड़ी। 2015 में समाजवादी पार्टी की सरकार में गन्ना किसानों के मुद्दे पर आंदोलन को लेकर जेल गया। कांग्रेस ने आरपीएन सिंह को बहुत कुछ दिया, मंत्री बनाया, सम्मान दिया, लेकिन बतौर पार्टी नेता, वह न तो वह मुझसे मिलने जेल में आए, न कोई आंदोलन किया और न ही कोई बयान जारी किया।”
लल्लू का आरपीएन पर तंज: खुद को अगड़ा बताने वाले पिछड़ों के नेता कैसे हो गये
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुये पार्टी के वरिष्ठ नेता आरपीएन सिंह पर बुधवार को हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि खुद को ‘अगड़ा’ बताने वाले अब भाजपा में जाकर ‘पिछड़ों’ के नेता कैसे हो गये।लल्लू ने संवाददाता सम्मेलन में आरपीएन सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा, “आरपीएन सिंह अपना नाम ‘कुँवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह क्षत्रिय’ लिखते हैं। अब जाकर उनको पिछड़ा वर्ग और सैंथवार लोगों की याद आयी है। इतिहास ऐसे पिछड़ों और दलितों से चिढ़ने वालों को माफ नहीं करेगा।”



