
यूपी बोर्ड हाईस्कूल : 88.18 फीसदी परीक्षार्थी पास,लड़कियों ने फिर बाजी मारी
85.25 प्रतिशत छात्र और 91.69 छात्राएं हुईं उत्तीर्ण
प्रयागराज । माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम शिक्षा निदेशक डॉ. सरिता तिवारी ने शनिवार को घोषित किया। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में कुल 88.18 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.25 और छात्राओं का 91.69 प्रतिशत है।
डॉ. तिवारी ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा 24 मार्च से 12 अप्रैल तक कुल 8373 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न हुई थी। उक्त परीक्षा में 27,64,443 संस्थागत एवं 17,202 व्यक्तिगत यानी कुल 27,81,645 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें कुल 25,20,634 ने परीक्षा दी और उनमें 22,22,745 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें 22,12,893 संस्थागत एवं 9,852 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं।
संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.28 तथा व्यक्तिगत का 70.85 प्रतिशत है। इस परीक्षा में सम्मिलित प्रदेश के 25,20,634 परीक्षार्थियों में से 13,71,862 बालक तथा 11,48,772 बालिकाएं हैं। इनमें 11,69,488 छात्र और 10,53,257 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। हाईस्कूल की लिखित उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 23 अप्रैल से 07 मई तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निर्धारित 148 मूल्यांकन केन्द्रों पर 73,308 परीक्षकों द्वारा सम्पन्न हुआ था।
कानपुर के प्रिंस पटेल ने हाईस्कूल में टॉप किया यूपी बोर्ड परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा में कानपुर के छात्रों ने परचम लहरा दिया। प्रिंस पटेल ने जहां 97.6 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान हासिल किया तो दूसरे स्थान पर संयुक्त रुप से किरण कुशवाहा रही। पहला और दूसरा स्थान कानपुर के छात्रों के नाम रहा जिससे छात्रों में जबरदस्त खुशी की लहर दिखाई दी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) की ओर से यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं का परिणाम जारी हो गया है। लड़कों में कानपुर के प्रिंस पटेल ने टॉप किया है। उन्होंने 600 में 586 अंक हासिल किये और वह अनुभव इंटर कॉलेज मुरलीपुर कानपुर के छात्र हैं। वहीं दूसरा स्थान भी कानपुर के नाम रहा। यहां की किरन कुशवाहा ने 600 में से 585 अंक प्राप्त किया, जो शिवाजी इंटर कॉलेज आरा कानपुर की छात्रा है। हालांकि किरण संयुक्त रुप से दूसरे स्थान पर आई है। दोनों टॉपरों के साथ अच्छे अंकों से पास करने वाले छात्र छात्राओं में खुशी का ठिकाना नहीं है।
1 पहला स्थान – प्रिंस पटेल – 586 (97.67%)
2 दूसरा स्थान- संस्कृति ठाकुर- 585 (97.50%)
3 दूसरा स्थान- किरण कुशवाहा- 585 (97.50%)
4 तीसरा स्थान- अनिकेत शर्मा- 584 (97.33%)
5 चौथा स्थान – पलक अवस्थी- 583 (97.17%)
6 चौथा स्थान- आस्था सिंह- 583 (97.17%)
7 पांचवा स्थान- एकता वर्मा- 582 (97.00%)
8 पांचवा स्थान- अथर्व श्रीवास्तव- 582 (97.00%)
9 पांचवा स्थान- नेंसी वर्मा- 582 (97.00%)
10 पांचवा स्थान- प्रांशी द्विवेदी- 582 (97.00%)
11 छठां स्थान- शीतल वर्मा- 581 (96.83%)
12 सातवां स्थान- इशिता वर्मा- 579 (96.50%)
13 सातवां स्थान- कशिश यादव- 579 (96.50%)
14 सातवां स्थान- हर्षिता वर्मा- 579 (96.50%)
15 आंठवां स्थान- अजय प्रताप सिंह- 578 (96.33%)
16 आंठवां स्थान- राज यादव- – 578 (96.33%)



