Health

5 करोड़ लोगों को पूरी तरह से टीकाकरण करने वाला पहला राज्य बना यूपी

यूपी पहला राज्‍य जहां 05 करोड़ लोगों को मिली टीके की दोनों डोज ,प्रदेश की 33 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी का हुआ पूर्ण टीकाकरण .

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कोरोना के खिलाफ पूरी तरह से टीकाकरण करने वालों की संख्या पांच करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। देश में यूपी पहला ऐसा प्रदेश है जहां पूरी तौर पर वैक्‍सीनेशन लेने वालों की संख्‍या इतनी ज्‍यादा है। प्रदेश में तीन-चौथाई पात्र वयस्कों को कोविड -19 वैक्सीन की कम से कम एक खुराक मिली है, जबकि एक-तिहाई पात्र लोगों को अभी पूरी तरह से टीका लगाया जा चुका है। आंकड़ों के अनुसार यूपी में 5 करोड़ से अधिक पात्र लोगों को टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी हैं।

प्रदेश में वैक्सीन की कम से कम एक खुराक प्राप्त करने वाली 75 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी है, वहीं राज्य की 33 प्रतिशत से अधिक वयस्क आबादी ने दोनों खुराक प्राप्त की हैं। 24 करोड़ की आबादी वाले यूपी में सीएम योगी आदित्‍यनाथ के निर्देशानुसार एक सधी रणनीति के तहत तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण की प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्‍य से क्‍ल्‍सटर रणनीति के अनुसार टीकाकरण किया जा रहा है। जिसके सफल परिणाम प्रदेश में देखने को मिल रहे हैं।

प्रदेश में 16 करोड़ से अधिक लोगों का हुआ टीकाकरण

प्रदेश में 11 करोड़ 21 लाख पात्र लोगों को पहली डोज और 05 करोड़ एक लाख पात्र लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। अब तक प्रदेश में 16 करोड़ 22 लाख से अधिक लोगों को कोरोना का टीकाकरण किया जा चुका है। सधी रणनीति के कारण आज यूपी में कम समय में कोरोना संक्रमण पर तेजी से लगाम लगाई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों में 1,26,055 टेस्‍ट किए गए जिसमें 12 नए संक्रमण के मामलों की पुष्टि हुई। अब तक यूपी में 8 करोड़ से अधिक टेस्‍ट किए जा चुके हैं। प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 100 से कम होकर 88 पहुंच गई है। बीते 24 घंटों में 09 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी। इसके साथ ही प्रदेश का रिकवरी रेट अब 98.7 प्रतिशत पहुंच गया है।

Related Articles

Back to top button