Society

अनोखी शादी: दूल्हा-दुल्हन ने बरसते पानी में लिए फेरे

रायपुर । इंटरनेट मीडिया में अनोखी शादी का एक मजेदार वीडियो सामने आया है जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इस वायरल वीडियो में दूल्‍हा-दुल्‍हन भारी बारिश के बीच छाता ओढ़कर फेरे लेते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं वीडियो में आसपास मौजूद लोगों के हंसने और जल्‍दी-जल्‍दी फेरे लगाने की आवाज आ रही है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो छत्‍तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पंडरिया इलाके का है। अब इस अनोखी शादी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग भी इसे काफी पसंद कर रहे हैं। कुछ लोग इस वीडियो को मुंगेली जिले का बता रहे हैं। हालांकि यह वीडियो किस जगह का है, इसकी स्‍पष्‍ट जानकारी नहीं है।

दरअसल, मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ है। गर्मी के सीजन में मानसून जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। पिछले पांच दिनों से प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसी बीच एक अनोखी शादी का यह वीडियो सामने आया। इस शादी में भारी बारिश के बीच दूल्‍हा-दुल्‍हन ने छाता ओढ़कर फेरे लिए।

वीडियो में आ रही आवाज के अनुसार मंडप के आसपास बैठे लोग तालियां बजा रहे हैं। कुछ लोग दूल्‍हा-दुल्‍हन को देखकर हंस रहे हैं। दरअसल, मंडप के ऊपर पत्तियां बिछाई जाती हैं। लेकिन ऐसा नहीं होने की वजह से बारिश का पानी नीचे आ रहा था। ऐसे में दूल्‍हा-दुल्‍हन को बारिश के बीच छाता ओढ़कर फेरे लेने पड़े।

वायरल वीडियो को लेकर यह कहा जा रहा है कि शादी की रस्में पूरी हो गई थीं। मगर फेरे नहीं हो पाए थे। इस वजह से घर के लोगों ने इस तरह से बरसते पानी में फेरे करवाने का फैसला किया था।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button