
उज्जैन : मध्यप्रदेश में उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में आज भस्मार्ती के दौरान आग लगने के कारण 14 व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वयं उज्जैन प्रशासन से संपर्क किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि महाकाल मंदिर में भस्मार्ती के दौरान आग लगने की घटना की दंडाधिकारीय जांच (मजिस्ट्रियल इंक्वारी) के आदेश दे दिए गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मृणाल मीना और अपर कलेक्टर अनुकूल जैन संपूर्ण घटना की जांच कर रिपोर्ट तीन दिनों में सौंपेगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि भस्म आरती के दौरान कपूर की थाली से आरती के दौरान गुलाल थाली में अचानक गिरी और थाली गिरने से गर्भगृह में आग भभक गयी। आग पर तुरंत काबू पाया गया, लेकिन तब तक 14 पुजारी और अन्य लोग झुलस गए। इन सभी को तत्काल जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। सभी का इलाज किया जा रहा है। आठ घायलों को इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष का इलाज उज्जैन में जारी है। महाकाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल कर दी गयी है।घायलों में सत्यनारायण, चिंतामण, रमेश, मनोज, महेश, शिवम, अंश, संजय, विकास, आनंद, सोनू, राजकुमार, कमल और मंगल शामिल हैं। घटना की सूचना के बाद कलेक्टर और वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
महाकाल मंदिर के गर्भगृह में हुयी घटना दुखद : यादव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में आज आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त किया है।डॉ यादव ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, “आज प्रात: बाबा महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भस्म आरती के दौरान हुयी दुर्घटना दुखद है। मैं सुबह से ही प्रशासन के संपर्क में हूं। सब नियंत्रण में है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि सभी घायल शीघ्र ही पूर्णत: स्वस्थ हों।”मुख्यमंत्री ने सिलसिलेवार पोस्ट के जरिए कहा कि वे घायल पुजारियों को देखने के लिए इंदौर होते हुए उज्जैन के लिए भोपाल से रवाना हो गए हैं।
उज्जैन घटना के घायलों को दी जाएगी एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि: यादव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज यहां जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान हुए हादसे के घायलों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की बाबा महाकाल से प्रार्थना की।डॉ यादव ने इस दौरान श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म आरती के दौरान हुई दुर्घटना में घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए और साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से किसी प्रकार की बड़ी हानि नहीं हुई है, लेकिन भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना दोबारा न हो, इसके लिए उचित प्रबंध किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
यादव ने इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज यहां अरबिंदो अस्पताल पहुंचकर महाकाल मंदिर में हुयी दुर्घटना में घायलों की कुशलक्षेम जानी और चिकित्सकों से चर्चा की।डॉ यादव ने महाकाल मंदिर में हुई दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचकर कुशलक्षेम जाना एवं डॉक्टरों से चर्चा की। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी उपस्थित रहे।उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के भस्म आरती के दौरान कपूर की थाली से आरती के दौरान गुलाल थाली में अचानक गिरी और थाली गिरने से गर्भगृह में आग भभक गयी। आग पर तुरंत काबू पाया गया, लेकिन तब तक 14 पुजारी और अन्य लोग झुलस गए। इन सभी को तत्काल जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। सभी का इलाज किया जा रहा है। आठ घायलों को इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष का इलाज उज्जैन में जारी है।(वार्ता)