Crime

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, पांच की मौत, पच्चीस घायल

यादव ने दतिया सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया

दतिया : मध्यप्रदेश के दतिया जिले के दुरसड़ा थाना क्षेत्र में आज तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरकर पलट गयी, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गयी और पच्चीस श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को दतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के दिसवार गांव से रतनगढ़ माता मंदिर जवारे चढ़ाने जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली दुरसड़ा थाना क्षेत्र के जोरा मैथाना पाली गांव के पास अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरकर पलट गयी। दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों सहित पांच की मौत हो गयी और पच्चीस श्रद्धालु घायल हो गए।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतकों में सोनम (11), क्रांति (17), सीमा (30), कामनी (19) और विनीता (30) शामिल हैं। बताया गया है कि दिसवार गांव के सरपंच बापू दांगी के घर देवी अनुष्ठान था। इस अनुष्ठान में जवारे बोए गए थे। इन जवारों को रतनगढ़ माता मंदिर पर अर्पित करना था। जवारो को अर्पण करने के लिए सरपंच के साथ ग्राम के लगभग दो सौ की संख्या में छह ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर सवार होकर श्रद्धालु तड़के घर से निकले थे। तभी जोरा बागपुरा और मेंथाना पाली के बीच बनी कुरेठा की पुल पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गयी। दुर्घटना में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी मारकर पुल से लगभग 15 फीट नीचे गड्ढे में गिर गयी। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

यादव ने दतिया सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दतिया जिले के दुरसड़ा थाना क्षेत्र में आज तड़के हुए एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ यादव ने दतिया जिले के दुरसड़ा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 5 अनमोल ज़िंदगियों के काल कवलित होने के समाचार पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button