Breaking News

आज पहली बार लगा, बिन सूरज के उगा सवेरा : अखिलेश यादव

इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद बुधवार की सुबह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेहद भावुक ट्वीट किया है। उन्होंने यह ट्वीट नेताजी को याद करते हुए किया है। अखिलेश ने लिखा की ‘कि आज पहली बार लगा कि बिना सूरज के उगा सवेरा हुआ है।’

मुलायम सिंह यादव के मंगलवार को हुए अंतिम संस्कार के बाद वह बीती रात भी अंत्येष्टि स्थल पर गए और पिता की चिता को नमन किया। इसके बाद आज सुबह वह फिर अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव बेहद भावुक थे और उन्होंने अपने ट्वीटर अकाउंट से नेताजी व अपने पिता मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए यह भावुक पोस्ट की है।

शुद्धि संस्कार में अखिलेश, शिवपाल समेत सैफई में साथ दिखा यादव कुनबा

समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के बाद बुधवार को सैफई में शुद्धि संस्कार कार्यक्रम सम्पन्न हुए। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव समेत पूरा यादव कुनबा सैफई में एक साथ गमगीन दिखा।दरअसल धरतीपुत्र नेताजी मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को सैफई मेला मैदान में अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार के बाद बुधवार को शुद्धि संस्कार कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शुद्धि संस्कार में अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, धर्मेन्द्र यादव, आदित्य यादव सहित परिवार के पुरुषों ने सिर के बाल मुंडवाए और शुद्धि संस्कार की सभी रीति-रिवाजों को विधि-विधान से पूर्ण किया।

इस दौरान पूरा यादव कुनबा एक साथ दिखा। राजनीतिक मन-मुटाव को भुलाते हुए शुद्धि संस्कार में अखिलेश यादव चाचा शिवपाल यादव के साथ बातचीत करते दिखे। इस दुख की घड़ी में अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित पूरे परिवार से मिलने के लिए विभिन्न दलों के नेतागण, वीवीआईपी सहित पार्टी के नेतागण सैफई पहुंच रहे हैं। इनमें बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजेश रंजन पप्पू यादव भी आज अखिलेश से मिलने पहुंचे। इस दौरान रामगोपाल यादव, डॉ अनुराग भदौरिया समेत कई पार्टी नेतागण भी मौजूद हैं।

नेताजी के समाजवाद आंदोलन को हम निष्ठा के साथ बढ़ाएंगे : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के बाद बुधवार को सैफई में शुद्धि संस्कार कार्यक्रम सम्पन्न हुए। वहीं नेताजी को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भावुक पोस्ट के बाद नेताजी के समाजवाद आंदोलन को निष्ठा से आगे बढ़ाने की बात कही।अखिलेश यादव ने अपने आफिशियल ट्वीटर हैंडल से एक दूसरा पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि ‘आज लोहिया जी की पुण्यतिथि पर उनको श्रद्धांजलि और उनके समाजवादी विचारों को प्रासंगिक बनाकर राजनीति में सार्थक रूप से सक्रिय करने वाले नेताजी को भी इस संकल्प के साथ नमन कि समाजवाद का ये आंदोलन हम सम्पूर्ण निष्ठा के साथ निरंतर रखेंगे।’अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के साथ एक पुरानी यादों की लोहिया जी के साथ नेताजी का फोटो भी साझा की है। (हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button