Breaking News

निरहुआ को सबसे बड़ी पंचायत में भेजने का सरकार विकास कर उतारेगी ऋण : मुख्यमंत्री

लोकसभा उपचुनाव में जीत के बाद पहली बार आजमगढ़ पहुंचे सीएम, करोड़ों रुपये की 50 विकास परियोजनाओं का दिया उपहार.लोकसभा उपचुनाव में जीत पर योगी ने जताया आजमगढ़ की जनता का आभार.

  • पहचान का संकट खत्म कर सम्मान से आगे बढ़ रहा आजमगढ़ का युवा: मुख्यमंत्री
  • बोले योगी, विभाजनकारी ताकतों की शिकार हो गई थी आजमगढ़ की प्रतिभा
  • सीएम की घोषणा, आजमगढ़ विश्वविद्यालय में स्थापित होगी ‘रांगेय राघव शोध पीठ’
  • आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में होगी पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट की स्थापना: सीएम योगी

लखनऊ : लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद पहली बार आजमगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उपहार दिया। स्थानीय जनता के प्रति आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, आजमगढ़ परिसर में पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट और महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में प्रख्यात साहित्यकार ‘रांगेय राघव’ के नाम पर शोध पीठ की स्थापना की भी घोषणा की।

खास मौके पर जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने आजमगढ़ को विकास के पथ पर अग्रसर जनपद बताया।उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में आजमगढ़ के बारे में दशकों तक जो धारणा थी, वह बदल गई है। अब यहां के युवा सम्मान का संकट खत्म कर सम्मान के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व में अपना विश्वास जताने के साथ ही दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को अपना सांसद चुनकर यहां की जनता ने हमें अपना ऋणी बनाया है, उसी के लिए कृतज्ञता जताने आज 145 करोड़ रुपये की 50 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने आज हम यहां उपस्थित हैं।

हमारा कोई सांसद-विधायक नहीं, तब भी रुकने नहीं दिया आजमगढ़ का विकास

आजमगढ़ की महान साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले दशकों में आजमगढ़ की खराब छवि की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा कि, ऋषि-मुनियों, साहित्यकारों की इस पुण्य भूमि में जो पोटेंशियल था, यहां के युवाओं की जो प्रतिभा थी, वह दशकों तक राजनीति की विभाजनकारी ताकतों का शिकार रही। नतीजतन यहां के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। यहां के युवा जब दूसरे प्रदेशों में जाते थे तो अपनी सही पहचान छिपाने को मजबूर थे। उन्हें होटल में कमरे नहीं मिलते थे, धर्मशाला में ठहरने की जगह नहीं मिलती थी, लोग अपने मोहल्लों में यहां के लोगों को किराए पर रहने की अनुमति नहीं देते थे। लेकिन अब सब बदल गया है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार भेदभाव के साथ काम नहीं करती है। आजमगढ़ में हमारा कोई सांसद या विधायक नहीं था, तब भी भाजपा ने यहां के विकास को अवरुद्ध नहीं होने दिया। यहीं नहीं मैं जब मुख्यमंत्री नहीं था तब भी आजमगढ़ के लोगों के बीच बना रहा और कोरोना काल में 03 बार यहां की जनता के बीच पहुंचकर उनके स्वास्थ्य-आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की। सीएम ने कहा कि आज जिस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लोग महज 07 घंटे में आजमगढ़ से दिल्ली तक जा पा रहे हैं, उसका शिलान्यास इसी आजमगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

सीएम योगी ने कहा कि आजमगढ़ में सभी दल आए, लेकिन किसी ने यहां के लोगों की नहीं सुनी। एक विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग यहां दशकों से हो रही थी, डबल इंजन की सरकार ने ही उसे पूरा किया। 108 करोड़ रुपये इस विश्वविद्यालय के लिए पहले ही दिए जा चुके हैं, इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

31 परियोजना का किया लोकार्पण, 19 का शिलान्यास

भारत माता की जय, जय श्री राम और मोदी-योगी जिंदाबाद के उत्साह भरे नारों के बीच जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने मेहनगर और मार्टीनगंज में आईटीआई, जहानागंज, मुहम्मदपुर, पल्हना, लालगंज और फूलपुर में नवीन राजकीय हाईस्कूल के लोकार्पण के साथ ₹10,155 लाख की 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹4,154 लाख की 19 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रख्यात साहित्यकार रांगेय राघव के नाम पर आजमगढ़ विश्वविद्यालय में शोध-पीठ की स्थापना की घोषणा की तो युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन को यहां जल्द से जल्द रोजगार मेले के आयोजन के निर्देश भी दिए।

बीते बुधवार को गोरखपुर में संपन्न रोजगार मेले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 136 कंपनियां आईं थीं और 5000 से अधिक युवाओं को गोरखपुर में नियुक्ति पत्र मिले। प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजना ‘ओडीओपी’ की चर्चा करते हुए सीएम ने आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी के शिल्पकारों के प्रशिक्षण, उत्पाद की पैकेजिंग, मार्केटिंग और बाजार मुहैया कराने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना का भी भरोसा दिया।

आजमगढ़ वासियों ने कहा, हम फहराएंगे अपने घर तिरंगा

जनसभा में मुख्यमंत्री योगी ने आजादी के अमृत महोत्सव अन्तर्गत 13-15 अगस्त तक के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जनता से अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया तो लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का वादा किया।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button