Breaking News

प्रदेश में ऊर्जा की कमी नहीं, लाइन लास खत्म कर कार्यक्षता बढ़ाएं अधिकारी-एके शर्मा

जर्जर विद्युत तारों को बदल, गांवों को दें 18 घंटे बिजली .उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं त्रुटि रहित बिल .किसानों को नलकूप कनेक्शन पर दें प्राथमिकता : एके शर्मा.

मीरजापुर । उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रो में 18 घण्टे विद्युत आपूर्ति न होने की शिकायत को गम्भीरता से लिया। कहा कि खराब विद्युत ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं जर्जर तारों को बदलने का कार्य निर्धारित समय में पूरा करें। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति की जा सके।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि बिल वितरण करने वाली एजेंसी द्वारा बिलिंग व्यवस्था में सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को समय से बिल उपलब्ध कराया जाए, तो उपभोक्ता समय से बिल जमा कर सकते हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारी व कर्मचारी बिलिंग पर विशेष ध्यान दें। प्राय: बिलिंग में जरा सी गड़बड़ी होने पर जहां उपभोक्ताओं को इधर-उधर भटकना पड़ता है। वहीं बिल भुगतान भी महीनों तक नहीं हो पाता है। उन्होंने बिल की त्रुटियों को तत्काल ठीक कराते हुए भुगतान सुनिश्चित कराने के आदेश दिए।

उन्होंने बिजली चोरी, कटिया लगाने वालों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया। कहा कि किसानों द्वारा यदि नलकूप कनेक्शन के लिए आवेदन किया जाता है तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समय से कनेक्शन दें। निचले स्तर पर सुधार लाते हुए फीडरों पर लाइन लास को भी खत्म करने पर जोर दिया। ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में बिजली की कमी नहीं है। लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी कार्य क्षमता बढ़ानी होगी। उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिलती है, तो बिजली बिल की वसूली में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ने सपरिवार मां विंध्यवासिनी का लिया आशीर्वाद

उप्र के नगर विकास, सम्रग विकास, नगरीय कार्य निष्पादन निस्पत्ति, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा गुरुवार को सपरिवार विंध्याचल पहुंचे। उन्होंने मां विन्ध्यवासिनी, अष्टभुजा देवी एवं मां काली का त्रिकोण दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।दर्शन पूजन के बाद कैबिनेट मंत्री ने नगर विकास एवं बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ अष्टभुजा निरीक्षण गृह में बैठक की। उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था एवं बिजली आपूर्ति के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके पूर्व जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक तथा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मनोज जायसवाल ने उनका स्वागत व अभिनन्दन किया।

बैठक में नगर विकास मंत्री ने ईओ ओमप्रकाश को विंध्याचल धाम सहित नगर में प्रतिदिन बेहतर सफाई व्यवस्था कराने का आदेश दिया। कहा कि सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी स्वयं सुबह पांच बजे से नगर में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें। विन्ध्याचल देवी धाम होने के कारण यहां दूर-दराज से काफी श्रद्धालु आते हैं। यहां व्यक्तिगत रूचि लेते हुए अनवरत सफाई सुनिश्चित कराया जाए। ताकि आने वाले लोग अच्छा संदेश लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका नगर में सड़क, पेयजल आपूर्ति के पाइनलाइन बिछाने व अन्य कार्य कराने पूर्व सम्बन्धित कार्यदायी एजेंसियों से वार्ता कर निर्माण सुनिश्चित कराएं, ताकि सड़क आदि बनने के बाद तोड़-फोड़ न किया जाए। इस दौरान मण्डलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button