Breaking News

सेना के अग्निवीर भर्ती रैली में गाजीपुर के युवाओं ने दिखाया दम, 435 युवा दौड़ में सफल

वाराणसी । भारतीय थल सेना के अग्निवीर भर्ती रैली में 13वें दिन सोमवार को कैंटोमेंट क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान में गाजीपुर सदर और मुहम्मदाबाद तहसीलों के युवाओं ने पूरे उत्साह से भागीदारी की। पंजीकृत 7487 में 4702 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर के दौड़ में दमखम दिखाया। लेकिन 435 ही रेस में सफल हुए। सैन्य अफसरों के अनुसार मंगलवार को सैदपुर और कासिमाबाद तहसीलों के 7229 युवा भाग लेंगे। 16 नवंबर से चल रही अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया 06 दिसम्बर तक चलेगी।

दौड़ में भाग लेने के पहले तड़के पहचान पत्र, फोटो, एडमिट कार्ड और अन्य डॉक्यूमेंट्स चेक वेरिफिकेशन के साथ ही युवाओं के दौड़ का क्रम शुरू हुआ। छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान के 400 मीटर वाले ट्रैक पर 4 चक्कर लगाकर 1600 मीटर की दौड़ युवाओं को लगानी पड़ रही है। इसके पहले अभ्यर्थी को 6 चेकिंग बूथ समेत शारीरिक दक्षता संबंधी टेस्ट देना पड़ा। चेकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भोर में ही रेस शुरू कराई गई थी। भर्ती रैली से संबंधित सारी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो रही है। अभ्यर्थियों की मदद के लिए रणबांकुरे मैदान के आसपास सेना भर्ती कार्यालय की ओर से हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।

अग्निवीर भर्ती रैली में किसी तरह की धांधली न होने पाए, इसके लिए मिलिट्री इंटेलिजेंस विशेष सतर्कता बरत रही है। इसके अलावा वाराणसी पुलिस, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और एसटीएफ भी अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। कैंट रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन के अलावा कैंट रोडवेज और छावनी क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात कर दी गई है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button