नाबालिग के साथ दुराचार की दूसरी घटना से पुलिस महकमे में खलबली
चार दिन पूर्व हुए नाबालिग के साथ आया था गैंगरेप का मामला
दुद्धी, सोनभद्र– चार दिन पूर्व अमवार में हुए नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला अभी ठंडा भी नही पड़ा था कि कोतवाली क्षेत्र के अमवार पुलिस चौकी अंतर्गत लाम्बी गांव में नाबालिग के साथ बलात्कार की दूसरी घटना से पुलिस महकमे में खलबली मची है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लाम्बी निवासी एक महिला ने पुलिस को दिये गये तहरीर में कहा है कि 14 मार्च की दोपहर 14 वर्षीय बिटिया जंगल में लकड़ी चुनने गयी थी।
बेटी को अकेला देख आरोपी हरिचरन ने बिटिया को बहला फुसलाकर पैसे का लालच दिया और बलात्कार किया। बिटिया ने दूसरे दिन सुबह घटना की पूरी जानकारी दी। तब से हम अपने भाई को थाने चलने के लिए बुला रहे थे।लेकिन मेरा भाई आजकल करते करते टालता रहा। सोमवार को अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 आईपीसी एवं 3/4 पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर, पीड़िता को मेडिकल के लिये भेज दिया। इसके साथ ही आरोपी की तलाश में पुलिस टीम भी लगा दी गयी है। महज तीन- चार दिनों के अंतराल में नाबालिग के साथ एक के बाद एक हुए दो हैवानियत ने लोगों की चिंता की लकीरें बढ़ा दी है। वहीं दूसरी ओर प्रबुद्धजनों ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सख्त करने की अपील की है।



