
कोरगी बालू साइड पर प्रशासनिक दस्ते की छापेमारी से मचा हड़कम्प, लोग मौके से फरार
एक पोकलेन समेत दर्जनों वाहन गिरफ्त में
दुद्धी, सोनभद्र- उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार तिवारी ने तहसीलदार दुद्धी ज्ञानेंद्र यादव एवं विंढमगंज पुलिस फ़ोर्स के साथ गुरुवार को कोरगी बालू साइड पर छापामारी किया| भारी संख्या में पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अमले को बालू साइड पर आते देख मौके पर मौजूद खनन माफिया भूमिगत हो गये| मौके की नजाकत को देखते हुए बीच नदी में चल रहा दो पोकलैंड के साथ कई वाहन इधर उधर बालू अनलोड कर मौके से भागने में सफल हुए| जबकि बीच रास्ते में फंसे दर्जन भर वाहन के साथ एक पोकलैंड को प्रशासनिक दस्ते ने जद में लेते हुए उसके खिलाफ कारवाई शुरू की|
जानकारी के अनुसार कोरगी साइड के बगल में करीब दो माह पूर्व तीन माह के लिए काश्तकारी पट्टा हुआ था| होली पूर्व पट्टाधारक द्वारा साइड चलाने में असमर्थता जताते हुए अपने हाथ खड़े कर दिए थे| बताया जाता है कि कुछ सत्ताधारी दल से जुड़े लोग अधिकारीयों से मिलीभगत कर उसी काश्त के पट्टे पर बीते कुछ दिनों से अवैध खनन करना शुरू कर दिया| गुरूवार को दोपहर बाद जैसे ही तहसील प्रशासन को इस बात की भनक लगी,एसडीएम ने कोतवाल दुद्धी राघवेन्द्र सिंह एवं विंढमगंज थानाध्यक्ष के साथ भारी पुलिस फ़ोर्स के साथ कोरगी बालू साइड पर औचक छापामारी की|
प्रशासनिक दस्ते को साइड की ओर आते देख मौके से अवैध खननकर्ताओं की टीम हो हल्ला मचाते हुए मौके से भाग खड़ी हुई| इस अफरा तफरी के बीच नदी में खनन कर रहे पोकलैंड आपरेटर नदी से मशीन निकाल कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ,जबकि कई वाहन चालक बालू अनलोड कर मौके से भागने में सफल हुए | इसके अलावा खनन स्थल की ओर जाने वाले रास्ते में फंसे दो बालू लोड हाइवा के साथ आधा दर्जन ट्रक एवं दो टिपर कारवाई की जद में आ गई| इस बाबत एसडीएम ने बताया कि बालू साइड की वैधता की जांच के लिए खनन विभाग को तलब किया गया है|



