Breaking News

कोलकाता से कुशीनगर पहुंची पहली फ्लाइट, दिया वाटर कैनन सैल्यूट

अंतरराष्ट्रीय उड़ान दो साल के बाद फिर हुई बहाल, हटाई गईं सभी पाबंदियां

कुशीनगर । कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के बाद कोलकाता के लिए भी विमानन कम्पनी स्पाइस जेट की नियमित हवाई सेवा रविवार को शुरू हो गई। एप्रन पर उतरे विमान को वाटर कैनन सैल्यूट के बाद यात्रियों का सांसद विजय दुबे एवं विधायक पीएन पाठक ने स्वागत किया। केक सेरेमनी कर उद्घाटन उड़ान की औपचारिकता हुई।इस रूट पर हवाई सेवा के लिए यात्री लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। रविवार को 15.40 बजे 78 सीटर बॉम्बार्डियर क्यू 400 विमान कोलकाता से आठ यात्रियों को लेकर लैंड किया। विमान 16.20 बजे पर 68 यात्रियों को लेकर कोलकाता के लिए टेक आफ कर गया।

उड़ान को लेकर एयरपोर्ट पर जश्न का माहौल रहा। सांसद, विधायक एवं एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारियों ने एक दूसरे को केक खिलाकर बधाई दी। सांसद विजय दुबे ने पत्रकारों से बातचीत में आश्वस्त किया कि इस एयरपोर्ट से जल्द ही मुंबई समेत खाड़ी एवं बौद्ध देशों के लिए भी उड़ान शुरू हो जाएगी।विधायक पीएन पाठक ने कहा कि कोलकाता से कुशीनगर तक हवाई सेवा की शुरुआत करना सरकार का बहुत बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस उड़ान से धर्म, संस्कृति, पर्यटन, उद्योग के साथ ही कुशीनगर का चौतरफा विकास होगा।

एयरपोर्ट के निदेशक एके द्विवेदी, प्रबंधक सन्तोष मौर्य, विमानन कम्पनी के स्टेशन मैनेजर कपिल खरे ने सभी का स्वागत किया। निदेशक ने यात्री सुविधाओं एवं मौजूदा संसाधन की जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही यहां उच्च क्षमता की नेविगेशनल प्रणाली आईएलएस लग जाएगी। इसके बाद प्रतिकूल मौसम में भी निर्बाध उड़ान होगी। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए विदा किया।

6 देशी और 60 विदेशी एयरलाइंस ने भारत को 63 देशों से जोड़ना शुरू किया

नई दिल्ली । कोरोना महामारी के कारण मार्च, 2020 में नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगा प्रतिबंध 27 मार्च से समाप्त हो गया। इसके साथ ही दो साल के लंबे अंतराल के बाद छह भारतीय एयरलाइंस और 60 विदेशी एयरलाइंस ने रविवार को भारत को 63 देशों से जोड़ना शुरू कर दिया है।नये शेड्यूल के मुताबिक विदेशी एयरलाइंस कंपनियां लगभग 1,783 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेंगी, जबकि भारतीय एयरलाइंस कंपनियां हर हफ्ते 1,466 उड़ानों का संचालन करेंगी। जानकारी के मुताबिक इंडिगो प्रत्येक सप्ताह 505 उड़ानों का संचालन करेगा, जबकि टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया 361 सप्ताहिक उड़ानें और इसकी सहायक एयर इंडिया एक्सप्रेस की हर हफ्ते 340 उड़ानें संचालित होगी।

उल्लेखनीय है कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अंतिम कार्यक्रम प्रकाशित कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर से प्रतिबंध हटने के बाद भारत के साथ जुड़ने वाले देशों में ईरान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, पोलैंड, म्यांमार, तुर्की, यमन और मिस्र शामिल हैं। हालांकि भारत में इंटरनेशनल अरावइल के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के जारी दिशा-निर्देश लागू रहेंगे।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button