Breaking News

फायर स्टेशन की बांट जोह रहा तहसील मुख्यालय दुद्धी

धन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य में आएगी तेजी-एसएचओ फायर

दुद्धी, सोनभद्र- जनपद का सबसे बड़ा क्षेत्रफल वाला महत्वपूर्ण तहसील मुख्यालय दुद्धी आज भी फायर स्टेशन की बांट जोह रहा है। राज्य व केंद्र सरकार को सबसे अधिक राजस्व देने वाले इस तहसील मुख्यालय के इर्द-गिर्द सैकड़ों गांव व कस्बा बसे हैं। इन स्थानों पर आगजनी की होने वाली घटनाओं के रोकथाम के लिए लंबे समय से मांग की जाती रही है। कुछ वर्ष पहले फायर स्टेशन की मांग को शासन प्रशासन की ओर से हरी झंडी तो मिल गई मगर इसे मूर्त रूप दिए जाने की दिशा में संबंधितों की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई।प्रस्तावित फायर स्टेशन के लिये डुमरडीहा पावर स्टेशन के पास भूमि तो विभाग को उपलब्ध करा दी गई मगर धनाभाव के कारण कार्य शुरू न होने के कारण नतीजा सिफर रहा।

दुद्धी रेलवे स्टेशन मार्ग, रामनगर, विंढमगंज, महुली समेत आसपास के इलाकों में दर्जनों तेंदूपत्ता गोदाम है, जहां करोड़ों की भंडारे की गई तेंदू पत्तों की संपत्ति भगवान भरोसे ही रहती है। आगजनी की घटना में बारूद सरीखे जलने वाले तेंदूपत्ता के संरक्षण हेतु फायर स्टेशन अति आवश्यक है। गत वर्षो में दुद्धी नगर में कई अगलगी की घटनाएं हो चुकी है। जिसमें महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम, सैमसंग शोरूम, नवीन सिंगार स्टोर, अनिल मर्चेंट इत्यादि सहित कई अगलगी की घटनाएं शामिल है। मंगलवार को कस्बे के पड़ोसी गॉंव धनौरा में दाल मिल में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ। सूचना के बाद चोपन से 3 घण्टे बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। फायर स्टेशन उपलब्ध होता तो अब तक क्षेत्र में हुई आगजनी की घटना में करोड़ों के नुकसान को रोका जा सकता था।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष, दुद्धी व सिविल बार के अध्यक्ष, चेयरमैन दुद्धी आदि ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दुद्धी में लंबित फायर स्टेशन का निर्माण जल्द कराने की मांग की है। इस बाबत पूछे जाने पर फायर इंस्पेक्टर राम अनुज सिंह ने बताया कि डूमरडीहा विद्युत सब स्टेशन के पास फायर स्टेशन के लिए जमीन मुहैया करा दी गई है, लेकिन ग्रांट नहीं मिला है। करोड़ों रुपए के इस प्रोजेक्ट पर शासन द्वारा संस्तुति के बाद धन उपलब्ध होते ही तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सीजन ड्यूटी के बाबत उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महोदय के यहां से सीजन ड्यूटी के तहत इस बार दुद्धी क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए इस सीजन में 400 लीटर हाई प्रेशर की फायर ब्रिगेड गाड़ी उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button