
दुद्धी,सोनभद्र- तहसील मुख्यालय से सटे मल्देवा गांव निवासी 113 वर्षीय आदिवासी महिला फुलेसरी देवी का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी।
आदिवासी समाज से ताल्लुक रखने वाली दादी के गांव वालों से गहरे लगाव व संबंध थे। उनसे मिलने वाले हर किसी का ख्याल व हालचाल दादी रखती थी और छोटी मोटी बीमारी का इलाज देशी नुस्खे से बताकर लोगों को चंगा कर देती थी। इसलिए गांव वाले उनकी ज्यादा फिक्र करते थे। क्षेत्र की सबसे अधिक उम्र की दादी के निधन से हर कोई दुःखी है।
उनके स्वजनों के मुताबिक मृतका अपने जीवन के अंतिम कुछ घण्टे पहले तक स्वयं अपने सभी निजी कार्यो को अंजाम देती रही। उनके लंबे उम्र के बारे में जानकारी देते हुए पोता राजू व संजय ने बताया कि दादी का संयमित रहन सहन व खान पान ही उन्हें अब तक स्वस्थ रखा। इतनी लंबी आयु के बावजूद उनका कभी किसी डॉक्टर से वास्ता नही पड़ा था।



