Breaking News

दो से 30 अप्रैल तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण माह, 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक पखवाड़ा

दस विभाग मिलकर करेंगे दिमागी बुखार और संचारी रोगों पर वार.चिन्हित किए जाएंगे बुखार, टीबी के लक्षण वाले व्यक्ति और तैयार होगी कुपोषित बच्चों की सूची.अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हो चुकी है बैठक.

महराजगंज : जिले के 10 विभाग मिलकर दिमागी बुखार और अन्य संचारी रोगों से समुदाय का बचाव करेंगे। इसके लिए दो से 30 अप्रैल तक तक संचारी रोग नियंत्रण माह तो 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी लोगों को जिम्मेदारियां सौंप दी है।संचारी रोग नियन्त्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अभियान के दौरान दिमागी बुखार, टीबी और कोविड जैसे संचारी रोगों पर जागरूकता के हथियार से वार किया जाएगा। अभियान में कुपोषित बच्चों को भी चिन्हित किया जाएगा।

डॉ. प्रसाद ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह के दौरान जापानी इंसेफ्लाइटिस ( जेई), एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम(एईएस) और अन्य संचारी रोगों की निगरानी की जाएगी। अभियान के दौरान आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम (ट्रिपल ए) घर-घर जाकर बुखार, जुकाम, टीबी के रोगियों के साथ-साथ कुपोषण के लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर जांच व उपचार के लिए अस्पताल भेजवाने का काम करेंगी।अभियान के दौरान क्षय रोग लक्षण वाले व्यक्तियों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण एक लाइन लिस्टिंग फार्मेट पर अंकित कर एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय को भेजा जाएगा, ताकि ऐसे व्यक्तियों की समय से जांच और उपचार शुरू हो सके।

अभियान के दौरान फ्रंट लाइन कार्यकर्ताओं के काम:

-बुखार के रोगियों की सूची तैयार करना।
-इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस रोगियों की सूची तैयार करना।
-क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों की सूची तैयार करना।
-कुपोषित बच्चों की सूची तैयार करना।
-प्रमुख स्थानों पर स्टीकर चस्पा करना।
-स्वयं सहायता समूहों की बैठक करना।
-मातृ समिति की बैठक करना।

यह विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग,पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग, पशुपालन,बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना विभाग एवं उद्यान विभाग

अभियान के दौरान आयोजित होंगी यह गतिविधियाँ

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नगर विकास विभाग नगरीय क्षेत्र में तथा पंचायती राज व ग्राम्य विकास विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई,मच्छरों की रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों को खुले में शौच से मुक्त कराना और नाला-नालियों की साफ-सफाई के अलावा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, वेक्टर कंट्रोल और वातावरणीय स्वच्छता के प्रयास करेगा।पशुपालन विभाग सुकरबाड़ों को आबादी से दूर करवाने के प्रबंधन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन कर उन्हें पुष्टाहार वितरित करना, जन जागरूकता व संवेदीकरण, दिमागी बुखार के दिव्यांग बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलवाने और शिक्षा विभाग वाट्स एप ग्रुप के जरिये जन जागरूकता अभियान व संवेदीकरण करेगा। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग जेई/ एईएस रोग के उपरांत दिव्यांग हुए बच्चों का सर्वे करेगा, और दिव्यांग हुए बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराएगा । कृषि एवं सिंचाई विभाग द्वारा मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने, सूचना विभाग द्वारा प्रचार-प्रसार और उद्यान विभाग द्वारा मच्छर रोधी पौधों के रोपण जैसी गतिविधियां प्रमुख तौर पर संचालित की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button