
प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटिका में बंद, भगवान के मान मनौवल में जुटे प्रत्याशी
अपने प्रत्याशी की जीत के प्रति आश्वस्त समर्थकों ने लगाये सट्टे
दुद्धी, सोनभद्र– विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में हुए मतदान के बाद कौन बनेगा दुद्धी का विधायक,किसके सिर सजेगी ताज पर कयासबाजियों का दौर शुरु हो गया है। दुद्धी सीट के त्रिकोणीय मुकाबले में सपा और भाजपा के समर्थक अपने अपने प्रत्याशी की जीत के प्रति काफी उत्साहित व उतावले नजर आ रहे हैं।
प्रचार प्रसार की भागदौड़ से खाली होने के बाद मतदान के दूसरे दिन मंगलवार को कई प्रत्याशी अपनी जीत के लिए अपने अपने इष्टदेव व देवी देवता को मनाने में जुट गए। कोई घर में विविध अनुष्ठान कराकर,तो कोई मंदिरों में मत्था टेककर भगवान को मनाते रहे। वहीं चुनाव प्रचार में एड़ी चोटी एक करने वाले कई समर्थक भी अपने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जीत के दावे करते रहे और सट्टे भी लगाये। चट्टी चौराहों व चाय पान की दुकानों पर जगह जगह कयासबाजी का दौर भी जारी है। कार्यकर्ताओं के अलावा समर्थक वोटर भी कहीं कहीं गरमा गरम बहस के हिस्सेदार बनते नजर आये।
कोई भाजपा प्रत्याशी रामदुलार गोंड़ की जीत के दावे करते नजर आया, तो कोई सपा प्रत्याशी विजय सिंह गोंड़ के बम्पर जीत का दम्भ भरते देखा गया। बसपा प्रत्याशी विधायक हरीराम चेरो के समर्थक तो यहां तक कहते देखे गये कि सपा-भाजपा की लड़ाई में हाथी बाजी मार रहा है। रही बात जीत हार की तो विजय सिंह अपना किला बचा पाएंगे या कमल इतिहास रचेगा या फिर हरीराम कुछ नया कर जाएंगे ? ये तो भविष्य के गर्भ में है, जो 10 मार्च को मतगणना के बाद ही पता चल पायेगा कि किसके दावे में कितना दम है।



