UP Live

ससुराल में गृह प्रवेश के समय ही दुल्हन ने जड़े दूल्हे को थप्पड़, पंचायत के बाद हुई छुट्टा-छुट्टी

जौनपुर। खुटहन क्षेत्र अंतर्गत लवायन गांव में नई नवेली दुल्हन ने गृह प्रवेश करते ही दूल्हे पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। मामला इतना गरमाया कि खुटहन थाने पर पहुंच गया। थाने पर घंटों चली पंचायत के बाद अन्ततः दोनों के बीच संबंध विच्छेद पर सहमति हो गई। खबर मिली है कि लवायन गांव निवासी बिंद परिवार के एक लड़के का विवाह खेतासराय थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 जून को तय था। नियत तिथि को गाजे-बाजे के साथ बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के उक्त गांव निवासी दुल्हन के घर पहुंची। धूम धाम से विवाह संपन्न कराया गया।

दूसरे दिन रविवार को दुल्हन बिदा होकर दूल्हे के घर पहुंची। दुल्हन की विदाई कराके गाड़ी उसके ससुराल द्वार पर आते ही महिलाएं मंगल गान करने लगी। दूल्हे की बहनें और भाभियां हंसी ठिठोली करती दुल्हन को गाड़ी से नीचे उतार कर गृह में प्रवेश की तैयारी में जुटी थी, उधर वाहन चालक भी दुल्हन ‘उतराई’ का पद वसूल चुका था। गाड़ी का दरवाजा खुलते ही पहले दूल्हा उतरा फिर पीछे दुल्हन। अभी परछन की रस्म चल रही थी कि अचानक दुल्हन ने दूल्हे पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। देखते ही देखते खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। पहले तो लोगों ने सोचा कि दुल्हन पर कोई प्रेत बाधा चल रही है।

झाड़-फूंक के लिए ओझा भी बुला लिया गया। वर पक्ष का आरोप है कि दुल्हन ने खुद स्वीकार किया कि उसका एक युवक से वर्षों से प्रेम प्रसंग चला आ रहा है। वह उसी के साथ रहना चाहती है। फिर वधू पक्ष के लोगों को बुलवाकर मामला थाने लाया गया। थाने पर घंटों चली पंचायत के बाद भी दुल्हन राजी नहीं हुई। बाद में वह दुल्हन का जोड़ा उतार सादे लिबास में वापस मायके लौट गई। वर पक्ष के लोगों ने भी राहत की सांस ली और कहा कि ऐसी हरकत के बाद वधू को कैसे स्वीकार किया जा सकता है?

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button