Breaking News

सिर चढ़कर बोल रहा कारखास का आतंक, पत्रकार पुत्र को जड़ा तमाचा

कह दिया तो कह दिया, कोतवाल क्या किसी से बात कर लो

दुद्धी, सोनभद्र– स्थानीय कोतवाली में तैनात एक कारखास के कारनामे बड़े खास और चर्चा में हैं। छोटे मोटे मामलों में टांग अड़ाकर अपने को कोतवाल से ऊपर मानने वाले मनबढ़ कारखास सुमीत अरोड़ा के कारनामे व आतंक से लोग खासा परेशान नजर आ रहे हैं। नगर से सटे मल्देवा गांव निवासी तहसील कर्मचारी नारंतक देव के पड़ोसी से दीवाल बनाने को लेकर कुछ विवाद था। मौके पर पहुंचे कारखास ने बिना कुछ मामला समझे तहसील कर्मचारी के पुत्र के साथ दुर्व्यवहार करते हुए,अन्दर कर देने का धौंस दिखाना शुरू कर दिया। बुधवार को बस स्टैंड के पास गाड़ी मरम्मत कराने आये युवक को कारखास अरोड़ा ने जबरन दुर्व्यवहार करते हुए कहा गाड़ी थाने ले चलो, बाहर जाना है।

उसने गाड़ी मरम्मत कराने का हवाला देते हुए,किसी दूसरे की गाड़ी ले जाने को कहा तो भड़क उठे। कहा गाड़ी सीज कर, तुम्हें अन्दर कर दूंगा। तभी मौके पर मौजूद एक वरिष्ठ पत्रकार के पुत्र ने हस्तक्षेप किया तो मनबढ़ कारखास ने जोरदार तमाचा जड़ दिया। यह सब देख पीड़ित युवक ने जब अपने पत्रकार भाई से कारखास की बात कराई तो इनके तेवर और चढ़ गये। कारखास ने कहा कि जायेगी तो यही गाड़ी। जब पत्रकार ने कहा कि कोतवाल साहब से बात कर ले रहा हूं, तो मनबढ़ कारखास ने यहां तक कह डाला कि कोतवाल क्या किसी से भी बात कर लो। ऐसे कई मामले चर्चा में है।

अब सवाल यह उठता है कि प्रदेश की योगी सरकार की बढ़ती लोकप्रियता एवं प्रचंड बहुमत से दोबारा बनी सरकार की कानून व्यवस्था की साख पर धब्बा लगाने वाला ये मनबढ़ कारखास आखिर किसके शह पर अपने को कोतवाल से ऊपर मान रहा है। पत्रकार के लड़के को पीट देना, दुर्व्यवहार के साथ किसी से उलझ जाना आदि क्रिया कलापों से चर्चित कारखास के आतंक से हर कोई सकते में है। इस बाबत सीओ दुद्धी रामआशीष यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में नही है, जानकारी होने पर जांचकर कार्रवाई की जायेगी। उधर प्रबुद्धजनों ने इस गम्भीर मामले की ओर पुलिस अधीक्षक का ध्यानाकर्षण कराते हुए, कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button