Breaking News

तीर्थ पुरोहित को मां विंध्यवासिनी का चरण स्पर्श कराना पड़ा भारी, थाने ले गई पुलिस

तीन तीर्थ पुरोहित फरार, गर्भगृह के सामने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की सम्भावना

मीरजापुर । विंध्यवासिनी मंदिर पर दर्शनार्थियों को चरण स्पर्श कराना एक तीर्थ पुरोहित को भारी पड़ गया। पुलिस तीर्थ पुरोहित को पकड़कर थाने ले गई। जबकि तीन तीर्थ पुरोहित मौके से फरार हो गए। वहीं गर्भगृह के सामने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होने की सम्भावना है। एक तरफ गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर पर हुई आतंकी घटना को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है, तो वहीं विंध्यवासिनी मंदिर पर तीर्थ पुरोहित व पुलिसकर्मियों की लापरवाही समझ नहीं आती। अगर ऐसे ही लापरवाही व अनदेखी हुई तो यह भारी पड़ सकती है।

दरअसल, मंदिर पर भीड़ के दबाव को लेकर नवरात्र भर मां विंध्यवासिनी के चरण स्पर्श पर रोक है। प्रशासन का भी सख्त निर्देश है कि चरण स्पर्श पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन किया जाए। लापरवाह पुलिसकर्मी व तीर्थ पुरोहित पर कार्रवाई की जाएगी। नवरात्र के चौथे दिन ही तीर्थ पुरोहितों की मनमानी व पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आ गई। मंगलवार को कुछ तीर्थ पुरोहित दर्शनार्थियों को गर्भगृह के अंदर प्रवेश कराकर मां विंध्यवासिनी का चरण स्पर्श करा रहे थे। यह सब पुलिसकर्मियों के सामने हो रहा था। जानकारी होने पर थानाध्यक्ष नीरज पाठक एक तीर्थ पुरोहित को पकड़कर थाने ले गए। जबकि तीन तीर्थ पुरोहित फरार हो गए।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button