
स्वर कोकिला लता मंगेशकर नहीं रहीं
स्वर साम्राज्ञी एवं भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार सुबह आठ बजकर 12 मिनट में यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थी।स्वर कोकिला मंगेशकर को कोरोना की बीमारी के कारण 08 जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीच में उनकी तबियत ठीक हो गयी थी लेकिन शनिवार को अचानक उनकी तबियत बहेद खराब होने के बाद उन्हें फिर से वेंटिलेटर में रखा गया था और शाम को उनका इलाज कर रहे डाॅक्टर प्रतीत समदानी ने बताया था कि दवा अपना असर कर रही है लेकिन आज सुबह उनका निधन हो गया।स्वर सम्राज्ञी का हाल जानने के लिए कल से ही लोग अस्पताल पहुंच रहे थे।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे सबसे पहले उनका हाल जानने के लिए गये थे और उसके बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी भी अस्पताल गयी थी। आज उनका हाल जानने के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी आने वाले थे।राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र, गायक उदित नारायण, बांसुरी बादक हरि प्रसाद चौरसिया ने सुश्री मंगेशकर के निधन पर दुख जताया है।श्री नितिन गडकरी ने कहा कि सुश्री लता जी ने संगीत को एक नयी ऊंचाई प्रदान की। लता दी करोड़ों लोगों के प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी।फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने कहा कि पिछले 80 वर्ष से सुश्री लता जी लोगों के कानों में रस घोलती थी हम सब उनके ऋणी हैं। उनके आवाज में एक जादू था, जो भी उनके गाने सुनता था वह मंत्रमुग्ध हो जाता था।
उन्होंने कहा कि जैसे हमारे देश में धरती का स्वर्ग कहे जाना वाला कश्मीर है और एक ताजमहल है उसी तरह एक लता मंगेशकर हैं। उनके कंठ में माँ सरस्वती का वास था। उन्हाेंने कहा कि हमने संगीत जगत का कोहिनूर खो दिया। लता जी जैसे कोई नहीं।स्वर सम्राज्ञी लता के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।हेमा मालिनी ने कहा कि मेरी फिल्मी करियर में लता दीदी का बड़ा योगदान है क्योंकि उनकी आवाज मेरे फिल्मों में होने से काफी मदद मिलती थी। वे आज हमारे बीच नहीं हैं। हमारी उनकी व्हाट्सएप पर बातचीत होती रहती थी। वे मुझे कहती थी कि उनको मेरा नृत्य बहुत पसंद था और मुझे उनकी आवाज बहुत पसंद थी उन पर तो सरस्वती का वरदान था, उनको आज पूरी दुनिया याद कर रही है।
सुश्री लता जी के बचपन का नाम हेमा मंगेशकर था। फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र ने कहा कि सुश्री लता जी एक महान गायिका थी हम लोग उनके सामने बहुत छोटे कलाकार हैं। गायिका शुभा मुद्गल ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।सुश्री लता मंगेशकर ने फिल्मों में हर दौर की मशहूर अभिनेत्रियों के लिए गाना गया था। उन्होंने मधुबाला से माधुरी दीक्षित तक के लिए गाने गाये थे। स्वर कोकिला का का अंतिम संस्कार आज शाम शिवाजी पार्क में किया जायेगा।
कोविंद, वेंकैया, मोदी, राहुल सहित विभिन्न नेताओं ने लता मंगेशकर के निधन पर जताया शोक
स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन से देश और दुनियाभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है।स्वर सम्राज्ञी लता के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। दो दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ आज शाम शिवाजी पार्क में किया जायेगा।श्री कोविंद ने रविवार को अपने शोक संदेश में कहा, “लता जी का निधन मेरे लिए भी वैसे ही हृदयविदारक है, जैसा कि दुनियाभर के लाखों लोगों के लिए है। उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुती से पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई। भारत रत्न, लता जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “एक ऐसे कलाकार का जन्म सदियों में एक बार होता है। लता-दीदी एक असाधारण इंसान थीं। वह गर्मजोशी से भरी हुई थीं। मैं जब कि उनसे मिला उन्हें गर्मजोशी से भरा पाया। दिव्य आवाज हमेशा के लिए शांत हो गई है, लेकिन उसकी धुन अमर रहेगी, अनंत काल तक गूंजती रहेगी। उनके परिवार और हर जगह के प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”उपराष्ट्रपति नायडू ने शोक संदेश में कहा, “लता मंगेशकर भारतीय सिनेमा की बुलबुल थी और एक महान गायिका थी। लता के निधन से भारत ने अपना स्वर खो दिया है। उनके भारत और दुनिया भर में करोड़ों पर प्रशंसक हैं। उन्होंने दशकों तक अपनी सुरीली आवाज मसे करोड़ों लोगों के दिलों पर शासन किया। वह वास्तविक अर्थों में संगीत रत्न थी। वह दशकों तक हिंदी सिनेमा में महारानी की तरह रही। उनके निधन से पैदा हुआ शून्य कभी नहीं भरा जा सकेगा।उपराष्ट्रपति ने कहा, “लता मंगेशकर सदियों तक अपने चाहने वालों के दिलों में रहेंगी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं लता मंगेशकर के परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं । ओम शांति।”प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मेरा दुख शब्दों से परे है। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, “देश की शान और संगीत जगत की शिरमोर स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी। 30 हजार से अधिक गाने गाकर उनकी आवाज ने संगीत की दुनिया को सुरों से नवाजा है। लता दीदी बेहद ही शांत स्वभाव और प्रतिभा की धनी थी। सब देशवासियों की तरह मेरे लिए भी उनका संगीत बहुत ही प्रिय रहा है, मुझे जब भी समय मिलता है मैं उनके द्वारा गाए गए नगमें जरूर सुनता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति।”उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “देश की शान और संगीत जगत की शिरमोर स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी।”
श्री नड्डा ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में लिखा, “हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वरकोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है।यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें। लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ॐ शांति”श्री गांधी ने ट्वीट कर कहा, “लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वह कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”श्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “भारत की स्वर कोकिला महान लता मंगेशकर जी का निधन भारत में संगीत के एक युग की समाप्ति है। उनकी सुरीली आवाज़ हम सबके बीच और पूरी दुनिया में सदा अमर रहेगी। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ओम शांति।”उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा, “स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति!”
स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन से संगीत के क्षेत्र को अपूरणीय क्षति
गृह मंत्री अमित शाह स्वर सम्राज्ञी एवं भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा उनके निधन को संगीत के क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया।स्वर कोकिला को बचपन से ही इसकी साधना की ललक रही वह अंतिम सांस तक इस साधना में लगी रहीं। उन्होंने भारतीय फिल्म संगीत को अपने स्वर से अलंकृत किया और शास्त्रीय संगीत को स्वर देकर युवा पीढ़ी को उसकी मधुरता से परिचय कराया।श्री शाह ने रविवार को सिलसिलेवार ट्वीट् कर कहा, “सुर एवं संगीत की पूरक लता दीदी ने अपनी सुर साधना एवं मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।”
गृह मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति शांति।”श्री शाह ने ट्वीटर पर स्वर साम्राज्ञी के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है। उन्होंने कहा कि स्वर कोकिला ईश्वर की देन थीं। जिस तरह बच्चे की मुस्कान, सूर्य के प्रकाश और फलों की सुंगध का कोई धर्म, कोई मजहब नहीं होता, उसी तरह लता जी का संगीत किसी धर्म या मजहब की सीमा में नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए है।उन्होंने मुझे मेरे कठिनाईयों के समय में बड़ी सांत्वना दी पर उनका जब भी मुझे फोन आया वह भारतीय फिल्म उद्योग के लिए होता था , वह संगीत के लिए होता था।श्री शाह ने कहा कि लता जी के जाने से जो रिक्ति पैदा हुई है वह कई पीढ़ियों तक नहीं भरी जा सकती।
योग गुरु स्वामी राम देव ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया
योग गुरु स्वामी राम देव ने रविवार को स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। स्वर कोकिला ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में सुबह आठ बजकर 12 मिनट पर अंतिम सांस ली।योग गुरु ने कहा कि लता जी की तुलना किसी से नहीं की जा सकती। वह अतुलनीय हैं। इतिहास पर दृष्टि डालता हूँ तो संगीत की दुनिया में उनकी बराबरी में कोई नहीं दिखता।स्वामी राम देव ने कहा, ‘लता मंगेशकर अलौकिक और अनिर्वचनीय प्रतिभा से सम्पन्न थीं। सदियों बाद भगवान के अनुग्रह से कोई-कोई ऐसा व्यक्ति अवतरित होता है। उन्हें मेरी श्रद्धांजलि। ओम शांति।’
लता मंगेशकर की आवाज का जादू हमेशा बरकरार रहेगा: पाकिस्तानी मंत्री
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने रविवार को महान गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने दशकों तक संगीत की दुनिया पर राज किया है और उनकी आवाज का जादू हमेशा बरकरार रहेगा।मंगेशकर की बहन उषा मंगेशकर और उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि 92 वर्षीय गायिका के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके कारण रविवार सुबह 8.12 बजे उनका निधन हो गया।पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ चीन के दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल चौधरी ने बीजिंग से उर्दू में शोक संदेश ट्वीट किया, ‘लता मंगेशकर के निधन से संगीत के एक युग का अंत हो गया। लता ने दशकों तक संगीत की दुनिया पर राज किया और उनकी आवाज का जादू हमेशा बरकार रहेगा।’उन्होंने कहा, ‘जहां भी उर्दू बोली और समझी जाती है, वहां लता मंगेशकर को अलविदा कहने वालों का हुजूम है।’मंगेशकर के निधन की खबर ट्विटर पर ट्रेंड कर रही है और लगभग सभी टीवी चैनलों पर उनके निधन की खबर के साथ-साथ उनके सदाबहार गीत प्रसारित किये जा रहे हैं।पाकिस्तान के सरकारी टीवी पर भी मंगेशकर के निधन की खबर प्रसारित हुई, जो सीमा के इस ओर उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।