
नेपाली महिला के इलाज के लिये स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी संस्था ने कराया आर्थिक सहयोग
भलुअनी, देवरिया । स्थानीय सामाजिक संस्था “स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी” यूथ ब्रिगेड के युवा सदस्यों ने नेपाल निवासी हीरा की कैंसर पीड़ित पत्नी के इलाज के लिये आर्थिक मदद हेतु “एक मुहिम जिंदगी बचाने की” टैगलाइन के साथ मुहिम चलाकर 65000 रुपये से ज्यादा की सहयोग राशि एकत्रित कर हीरा को सौंपकर सराहनीय कार्य किया है । भलुअनी बाजार में पहरेदारी कर अपनी जीविका चलाने वाले आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हीरा ने करीब एक महीने पहले संस्था के सदस्यों से मिलकर अपनी पीड़ा बताते हुये इलाज के लिये मदद मांगी थी । इसके पहले भी कई बार लोंगों की जिंदगी बचाने के लिये मुहिम चलाकर आर्थिक सहयोग करने वाले संस्था के सदस्यों ने तत्काल आर्थिक मदद करते हुये सोशल मीडिया पर मुहिम चलाकर व पूरे भलुअनी बाजार में दो दिनों तक सभी व्यापारियों से सम्पर्क कर सहयोग राशि एकत्रित करते हुये कुल 65000 रुपये से अधिक की राशि एकत्रित कर चुके हैं ।
छोटे बड़े सभी स्थानीय व्यापारियों सहित क्षेत्र के काफी लोगों ने इस दौरान हीरा की पत्नी के इलाज के लिये आर्थिक मदद की है । मुहिम को देखकर सोशल मीडिया के माध्यम से डिजिटल पेमेंट द्वारा अन्य प्रदेशों सहित अप्रवासी भारतीयों ने विदेशों से भी आर्थिक मदद हेतु रुपये भेजे हैं । संस्था के सदस्यों ने बताया कि हीरा ने अपनी पत्नी के इलाज के लिये नेपाल में एक लाख रुपये का लोन लिया था जिसे भर पाना उसके वश की बात नही थी इसीलिये हम सभी का यह प्रयास था कि आर्थिक मदद की मुहिम चलाकर उसके कर्ज को चुकाने की व्यवस्था की जाय, जिससे आगे इलाज कराने में उसे कठिनाई ना हो । मुहिम के द्वारा एकत्र किये 65000 रुपये नेपाली मुद्रा में एक लाख रुपये से अधिक होंगें जिससे वह अपना कर्ज चुकाकर आगे इलाज जारी रख सकेगा । संस्था द्वारा किये गये इस प्रयास में लगभग चार सौ से अधिक लोंगों ने इस मुहिम का हिस्सा बनकर आर्थिक सहयोग किया है । इस दौरान लक्ष्मण वर्मा, मनोज मद्धेशिया, दिनेश गुप्ता, चन्दन गुप्ता, सागर वर्मा, बकालु अंसारी, अंकुर श्रीवास्तव, श्यामदुलारे विश्वकर्मा, शमशुल हक, सूरज वर्मा, बालकेश्वर खरवार व सन्तोष मद्धेशिया सहित अन्य सदस्यों ने भलुअनी बाजार में हर दुकानदार से मिलकर आर्थिक राशि एकत्र किया । हीरा ने इस सहयोग के लिये संस्था के सदस्यों, व्यापारियों सहित सभी दानदाताओं व सहयोग कर्ताओं को धन्यवाद दिया है ।



