
फिल्म अभिनेत्री सुष्मिता सेन आज अपना 47वां जन्मदिन मना रही है। इस खास दिन पर सुष्मिता ने फैंस के साथ अपनी एक सेल्फी साझा की है, जिसमें सुष्मिता ब्लू कलर के आउटफिट्स में नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस ने चश्मा लगा रखा है, जो उनके लुक को और भी स्टाइलिश बना रहा है। साथ ही सुष्मिता ने उम्र को लेकर एक खास बात भी कहीं है। सुष्मिता ने लिखा-‘आखिरकार 47!!! एक नंबर जो लगातार 13 सालों से मेरा पीछा कर रहा है!!! बहुत जल्द बेहतरीन साल आने वाला है…मैं इस बारे में काफी समय से जानती हूं…और फाइनली इसके आने की अनाउंसमेंट करते हुए बहुत एक्साइटेड हूं!!! आई लव यू दोस्तों!!!
सुष्मिता का यह पोस्ट वायरल हो रहा है।वहीं सोशल मीडिया यूजर्स सुष्मिता के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्ट्रेस को बर्थडे विश कर रहे हैं, साथ ही उनके लुक की तारीफ कर रहे हैं। सुष्मिता सेन की पर्सनल लाइफ की बात करें तो वह दो एडॉप्टेड बेटियों-रिनी और अलीशा की सिंगल मदर हैं। एक्ट्रेस ने शादी नहीं की है। वर्कफ़्रंट की बात करें तो सुष्मिता सेन जल्द ही गौरी सावंत की बायोपिक ताली में नजर आने वाली है।
मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला सुष्मिता सेन
मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला एवं बॉलीवुड की ख़ूबसूरत अभिनेत्री सुष्मिता सेन का जन्म 19 नवंबर, 1975 को हैदराबाद में हुआ था। सुष्मिता सेन वायुसेना के सेवानिवृत्त विंग कमांडर सुबीर सेन और ज्वैलरी डिजाइनर सुभ्रा सेन की बेटी हैं। बहुत कम उम्र में सफलता की बुलंदियों को छूने वाली सुष्मिता ने साल 1994 में मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम कर इतिहास रच दिया था। इस प्रतियोगिता में सुष्मिता का मुकाबला ऐश्वर्या राय से था।
इस दौरान दोनों से फाइनल में सवाल पूछा गया कि यदि आप किसी ऐतिहासिक घटना को बदल सकती तो वो क्या होती? इस पर ऐश्वर्या का जवाब था कि ‘अपने जन्म का समय, लेकिन सुष्मिता ने कहा था-‘इंदिरा गांधी की मृत्यु!’ इसके बाद सुष्मिता से पूछा गया था कि-अगर आपके पास पैसा और वक्त होगा, तो क्या एडवेंचर करना चाहेंगी? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि-‘मेरे हिसाब से एडवेंचर वो है, जो आप अंदर से महसूस करते हैं। मुझे बच्चों का साथ बहुत अच्छा लगता है। मौका लगा तो मैं उनके साथ वक्त गुजारना चाहूंगी। यहीं मेरे लिए एडवेंचर होगा!’
सुष्मिता सेन ने इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद साल 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद वह कई फिल्मों में शानदार अभिनय करती नजर आईं, जिसमें सिर्फ तुम, बीवी नंबर 1, क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता, आंखें, वास्तुशास्त्र, मैं हूं ना, मैंने प्यार क्यों किया, बेवफा आदि शामिल हैं।फिल्मों के अलावा सुष्मिता साल 2020 में आई वेब सीरीज आर्या में लीड रोल में नजर आ चुकी हैं। सुष्मिता सेन अब तक अविवाहित हैं। उन्होंने साल महज 24 साल की उम्र में दो बेटियां रीनी और अलीशा को गोद लिया। सुष्मिता सिंगल पेरेंट होते हुए भी दोनों बच्चियों को बहुत अच्छी परवरिश दे रही हैं।
एक्स बॉयफ्रेंड रोहमन शॉल ने सुष्मिता सेन को दी जन्मदिन की बधाई, शेयर कीं अनदेखी तस्वीर
बॉलीवुड की ख़ूबसूरत अभिनेत्री व पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन आज अपना 47वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उनके एक्स बॉयफ्रेंड रोहमन शॉल ने सोशल मीडिया के जरिये उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। रोहमन ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक सुष्मिता की एक अनदेखी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की है। इसके साथ उन्होंने रेड हार्ट के साथ 47 लिखा है। इस अनदेखी तस्वीर में सुष्मिता बेहद खूबसूरत लग रही हैं।
एक्ट्रेस सुष्मिता सेन और मॉडल रोहमन साल 2018 से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों एक दूसरे के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते थे। दोनों खुलकर अपने रिश्ते को स्वीकार भी करते थे, लेकिन दिसंबर 2021 को दोनों ने अपनी राहें अलग कर ली और इसकी जानकारी दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी। हालांकि ब्रेअकप के बाद भी अक्सर कई मौकों पर दोनों को साथ देखा जाता है। रोहमन से ब्रेअकप के बाद सुष्मिता का नाम ललित मोदी के साथ जुड़ा। वहीं कुछ फैंस कयास लगा रहे हैं कि जल्द ही सुष्मिता और रोहमन फिर से एक हो सकते हैं।


