Breaking News

पर्यटकों के लिए 15 दिसम्बर तक बढ़ाया सुरहा ताल पक्षी महोत्सव

बलिया । तीन दिवसीय सुरहा ताल पक्षी महोत्सव में सोमवार को पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए इसे 15 दिसम्बर तक बढ़ा दिया गया है। तीसरे दिन महोत्सव को देखने बतौर मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त भी पहुंचे।

सुरहा ताल पक्षी महोत्सव में नौकायन खास आकर्षण बना हुआ है। काफी दूर दराज से लोग नौकायन के लिए आ रहे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से आईं पक्षी विशेषज्ञ अमिता कनौजिया को डीएम सौम्या अग्रवाल ने धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सब लोग जानते हैं कि सुरहा ताल बलिया की धरोहर है। इस धरोहर में हम सब लोग शामिल हैं। इसलिए इस धरोहर को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसमें पर्यावरण भी आता है। सुरहा ताल पक्षी महोत्सव इस उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है कि पर्यावरण को कैसे सुरक्षित रखा जाए और अपने आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण के बारे में कैसे जागरूक किया जाए। महोत्सव में सैलानियों की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने महोत्सव को 15 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमें बहुत खुशी हो रही है कि सुरहा ताल के अस्तित्व को बचाने के लिए हम लोगों ने जो परिकल्पना की थी वह साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से लोग लगातार यहां पर आ रहे हैं और नौकायान का आनंद ले रहे हैं। उससे सुरहा ताल का महत्व बढ़ेगा और न केवल जनपद में बल्कि देश में इसकी पहचान बढ़ेगी और इससे जुड़े हुए मछुआ समुदाय के लोगों की आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथ ही इस क्षेत्र का भी विकास होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह महोत्सव कुछ दिनों में भले ही समाप्त हो जाएगा, लेकिन यहां पर जो भी प्रशासन के द्वारा संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं वह लगे रहेंगे। यहां पर घूमने फिरने के लिए आने वाले लोग इस का आनंद लेते रहेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि बलिया में यदि कहीं स्वर्ग है तो वह सुरहा ताल है।

पक्षी महोत्सव में हुआ नौकायन प्रतियोगिता

सुरहा ताल पक्षी महोत्सव के तीसरे दिन नौकायन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें प्रथम स्थान राजेंद्र साहनी, द्वितीय स्थान भगवान साहनी और तृतीय स्थान कृष्णा साहनी ने प्राप्त किया। इन तीनों को जिलाधिकारी और सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने पुरस्कृत किया।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button