
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को यहां कहा कि योगी राज में राज्य सरकार के खजाने में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने कहा कि यद्यपि कोरोना काल में पूरी दुनिया की आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह से ठप रहीं लेकिन उप्र में सरकार के काम-काज पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा।
योगी सरकार-02 के 100 दिन होने पर वित्त विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए सुरेश खन्ना ने बताया कि जून 2022 तक प्रदेश को 84 हजार 157 करोड़ रुपए के राजस्व की प्राप्ति हुई है, जो पिछले वित्तीय वर्ष में मिले 62 हजार 489 करोड़ रुपए से लगभग 35 प्रतिशत अधिक है।
वित्त मंत्री ने दावा किया कि इस बार ऋण प्रवाह अभियान के अन्तर्गत ऋण वितरण हेतु 21000 करोड़ रुपये का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 37000 करोड़ का ऋण वितरण बैंकों द्वारा कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान एवं बैंकों के माध्यम से स्वरोजगार संगम कार्यक्रम चलाते हुए 21000 युवाओं को स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण प्रशिक्षण देने के कार्यक्रम के अन्तर्गत कुल 22319 युवाओं को प्रशिक्षण दिलाया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष पहली मई को मुख्यमंत्री द्वारा ई-पेंशन पोर्टल का शुभारम्भ किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से पेंशन हेतु आवेदन से लेकर पेंशन भुगतानादेश निर्गत होने तक की कार्यवाही पूर्णतया ऑनलाइन है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से लगभग 4 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी जो पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित हैं, लाभान्वित होंगे।
मंत्री ने आगे बताया कि मार्च, 2022 से जून, 2022 तक कुल 5297 सरकारी कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिनमें से 4815 कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण उक्त प्रणाली पर अपलोड किए गए, जिसके सापेक्ष 09 जुलाई तक 4535 यानि 94 प्रतिशत मामलों में पेंशन भुगतानादेश निर्गत हुए।(हि.स.)



