
खुटहन क्षेत्र में विवाद के चलते दो पक्षों के बीच झड़प के दौरान चली गोली से छात्रा घायल
प्लास्टिक की पाइप बिछाने और खड़ंजा उखाड़ने को लेकर चला ईंट-पत्थर और लाठी-डंडा, 4 घायल
जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के बेसहूपुर गांव में मंगलवार को सुबह सिंचाई हेतु प्लास्टिक की पाइप बिछाने और खड़ंजा उखाड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच हुई झड़प के बीच गोली चलने से 19 वर्षीया कविता तिवारी (सीमू) पुत्री श्रीचन्द्र तिवारी गम्भीर रूप से घायल हो गयी। घायल युवती बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। जिसका उपचार जिला चिकित्सालय जौनपुर में चल रहा है, वह खतरे से बाहर बताई गई है। झड़प में दोनों पक्षों से कुल चार लोग लाठी डंडे व ईंट पत्थर के हमलों से घायल है। सूचना पर मौका ए वारदात पर पहुंची पुलिस मामले की गम्भीरता से जांच पड़ताल कर रही है।
खबर मिली है कि बेसहूपुर गांव निवासी सभाशंकर तिवारी और दिनेश तिवारी के बीच वर्षों से घूर का विवाद चला आ रहा है। इस मामले में 5 माह पूर्व दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर कार्यवाही किया था। एक पक्ष के दिनेश तिवारी के भाई श्रीचन्द्र तिवारी का आरोप है कि सभा शंकर तिवारी के घर के लोगों ने मंगलवार की सुबह दरवाजे के सामने पालतू मवेशी बांधने के स्थान से सिंचाई के लिए पाईप बिछा दिया। जबकि पाईप भी फटी थी। जिससे पानी फैलने के कारण द्वार की मिट्टी गीली हो जाती है।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। लाठी डण्डा व ईंट पत्थरों के बीच तक़रीबन तीन राउण्ड चली गोली से श्रीचन्द्र तिवारी की पुत्री कविता घायल हो गयी। मारपीट में श्रीचन्द तिवारी व विपक्षी सभा शंकर तिवारी व उनके दो बेटों को भी चोटें आई हैं। जिनका उपचार सीएचसी खुटहन पर चल रहा है। एएसपी सिटी डाॅ. संजय कुमार ने मीडिया को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।




