
वाराणसी में गोवंश की मौत पर सख्त कार्रवाई, लापरवाही पर कर्मचारी हटाए
वाराणसी के ग्राम ऐढ़े स्थित कांजी हाउस में लापरवाही के चलते एक बछड़े की मौत के बाद नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संविदा कर्मी को हटाया और राजस्व निरीक्षक को पद से हटाया। गेट मरम्मत कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
- कांजी हाउस में सुरक्षा चूक के बाद नगर निगम का एक्शन, गेट क्षतिग्रस्त, जांच जारी
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी द्वारा ग्राम ऐढ़े स्थित कांजी हाउस में गोवंशों के रख-रखाव में गंभीर लापरवाही सामने आने पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात कांजी हाउस में एक उग्र (बिगड़ैल) गोवंश ने एक छोटे बछड़े पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के दौरान सुरक्षा में भारी चूक भी उजागर हुई, जब उक्त गोवंश ने मुख्य गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। गेट टूटने के बाद बाहरी श्वान परिसर में घुस आए और मृत बछड़े के शव को नुकसान पहुंचाया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रथम दृष्टया सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर मौके पर तैनात एक संविदा कर्मी की सेवा समाप्त कर दी गई। साथ ही संबंधित राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, कांजी हाउस के प्रभारी अधिकारी (पशु कल्याण) के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हेतु शासन को पत्र भेजा गया है, जिससे उच्च स्तर पर भी जिम्मेदारी तय की जा सके।
नगर निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत करा दी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के संरक्षण और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वाराणसी में गौशालाओं और हरित अभियान पर सख्ती, महापौर ने मांगी रिपोर्ट
मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम सुधारने सड़क पर उतरे महापौर और नगर आयुक्त



