Health

राज्य सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश, क्रिसमस के दौरान चर्च में भीड़भाड़ से बचने अपील

मुंबई । कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर लोगों की चिंताओं को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को नया दिशा-निर्देश जारी किया। दिशा-निर्देश में कहा गया है कि चर्चों में क्रिसमस के उत्सव के दौरान सिर्फ 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ काम करना चाहिए। दिशा-निर्देश में आगे कहा गया है कि कम से कम संख्या में गायक मंडलियों को चर्चों के अंदर गायन करने की अनुमति दी जानी चाहिए और प्रत्येक कलाकार को अलग-अलग माइक दिए जाने चाहिए।

राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में यह भी निर्देश दिया गया है कि चर्चों में सामाजिक दूरी बनाकर रखी जाए, मास्क पहना जाए और हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाए। दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि लोगों को वायरल संक्रमण से बचने के लिए सभी एहतियाती उपाय करके क्रिसमस मनाना चाहिए क्योंकि ओमिक्रॉन वैरिएंट तेजी से फैल सकता है।महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,179 नए मामले सामने आए, जिनमें से 23 मामले ओमिक्रॉन के हैं। इसके अलावा 17 मरीजों की मौत हुई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 66,53,345 हो गई है। मृतकों की कुल तादाद 1,41,392 तक पहुंच गई है।गुरुवार को एक दिन में ओमिक्रॉन के सबसे अधिक 23 मामले सामने आए। राज्य में ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या अब 88 हो गई है। बुधवार को ओमिक्रॉन का कोई मामला सामने नहीं आया था। नए मरीजों में चार नाबालिग हैं। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इनमें से 17 मरीज बिना लक्षण वाले थे जबकि छह में हल्के लक्षण थे।

ताजा ओमिक्रॉन मामलों में से 13 पुणे जिले से, पांच मुंबई से, दो उस्मानाबाद से और एक-एक ठाणे, नागपुर और मीरा-भायंदर से हैं। इनमें से सोलह रोगियों का अंतरराष्ट्रीय यात्रा का इतिहास है जबकि सात अन्य उनके निकट संपर्क में आए थे। राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 7,897 है। बीते 24 घंटे में 615 लोग संक्रमण से उबरे। दिनभर में लगभग 1,10,997 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई। राज्य में ठीक होने की दर 97.7 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 2.12 प्रतिशत है।

Related Articles

Back to top button