बांदा । बाढ़ का पानी घरों में घुस रहा है। बाढ के दौरान घर के चबूतरे में खेल रहे एक 6 वर्षीय मासूम की चबूतरे से गिरकर पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना बबेरू तहसील के निभौर गांव की है। बबेरू में गडरा नदी उफान पर है। नदी में बाढ़ आने की वजह से गांव के किनारे-किनारे घरों पर पानी भरने लगा है। इसी गांव के रहने वाले राजा बाबू यादव का 6 वर्षीय पुत्र हर्षित अपने घर के चबूतरे के पास खेल रहा था। तभी चबूतरे से नीचे पानी में गिरकर डूब गया।
जब थोड़ी देर घर में हर्षित नहीं दिखा तो आसपास तलाश की गई, जो चबूतरे के आगे भरे पानी में मिला। बच्चे को पानी से निकालकर बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।इस बारे मृतक की मां शीलू यादव ने बताया कि नदी के बाढ़ का पानी घर तक में भरा हुआ है। बच्चा चबूतरे पर खेल रहा था तभी यह घटना हुई। बताया कि मृत बेटे के पिता राजाबाबू यादव पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।(हि.स.)



