
गांव के विकास कार्यों में खामी देख भड़के डीपीआरओ, दी चेतावनी
दुद्धी,सोनभद्र– जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के टेढ़ा गांव का निरीक्षण किया।शनिवार को टेढ़ा गांव के पंचायत भवन पर पहुँचे जिला पंचायत राज अधिकारी ने पंचायत भवन की स्थिति देखकर भड़क गए और सम्बंधित को जमकर फटकार लगाईl लेकिन जैसे ही पूर्व ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान द्वारा कराई गई कार्य की बात सामने आई तो उन्होंने एडीओ पंचायत समर बहादुर सिंह को तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी को तलब कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए l कहा कि धन निकासी हुई है तो कार्य होना चाहिए वर्ना मुकदमा दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने गांव में खरीदे गए टैंकर तीन दिन के अंदर गांव में उपलब्ध कराने की चेतावनी दी है।उन्होंने गांव में बने सामुदायिक शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र, गांव में सौंदर्यीकरण के लिए लगे सीमेंट कुर्सी तथा बिजली बल्ब सहित पोलिंग बूथ सहित अन्य विन्दुओं पर गहराई से निरीक्षण किया।पोलिंग बूथ पर साफ सफाई,शौचालय तथा बिजली पानी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि विकास कार्यों के निरीक्षण के सम्बन्ध में शनिवार को बघाडू,करमडाड़ तथा टेढ़ा गांव का निरीक्षण किया गया।करम डाड़ में शौचालय तथा पोलिंग बूथ आदि का निरीक्षण किया गया। इसके बाद टेढ़ा गांव में हुए कार्यो का निरीक्षण किया गया।उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले गांव में बिना काम के ही पैसे निकासी की लिखित शिकायत की थी।जिसकी जांच शुरू कर दी गई है।शनिवार को जांच क्रम में ग्रामीणों से पूछताछ की गई है।एडीओ पंचायत से भी मामले की जांच कराई जाएगी।जांच रिपोर्ट के बाद दोषी के खिलाफ सीधे एफआईआर कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि विकास कार्यो में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत समर बहादुर सिंह, ग्राम विकास अधिकारी चांदनी गुप्ता, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरजू प्रसाद यादव, बी डी सी देवचन्द यादव,पूर्व ग्राम प्रधान अमरनाथ यादव,पूर्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुख्तार अंसारी, ग्रामीण बृज किशोर यादव,कामेश्वर प्रसाद सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



