मीरजापुर । चुनादरी जल प्रपात पर मंगलवार को नहाते समय बीएससी एग्रीकल्चर के दो छात्र डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चुनार से छह गोताखोरों की टीम बुलाकर दोनों डूबे छात्रों को बाहर निकालने में जुट गई। जल प्रपात पर डूबने की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।
चुनार के कैलहट स्थित राम ललित सिंह महिला महाविद्यालय से बीएससी एजी कर रहे तीन छात्र बाइक से मंगलवार को पिकनिक मनाने चुनादरी जलप्रपात पर गए थे। इस दौरान चुनार कोतवाली के मगरहां गांव निवासी 21 वर्षीय युवराज सिंह उर्फ निक्की साथी वाराणसी सारनाथ के सरैया जयरामपुर निवासी 20 वर्षीय आकाश पुत्र सुजीत के साथ जलप्रपात के कुंड में नहा रहा था। इस दौरान एक अन्य साथी बाहर बैठकर उनके सामान की देखरेख कर रहा था। इसी बीच युवराज पानी के गहरे कुंड में डूबने लगा जिसे बचाने के लिए आकाश भी गहरे पानी में चला गया और वह भी डूब गया।
घटना के बाद साथी युवक मौके से दोनों डूबे युवकों का मोबाइल लेकर कैलहट स्थित अपने घर चला आया और एक दोस्त विनय को फोनकर दोनों के डूबने की जानकारी दी। विनय ने डूबे छात्रों के परिवार को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिया दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर डूबे युवकों की खोजबीन शुरू की। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि चुनादरी जल प्रपात पर नहाते समय ने दो छात्रों के डूब जानें की सूचना मिली है। जल प्रपात में डूबे दोनों छात्रों की तालाश की जा रही है।
रोक के बावजूद सैलानी पहुंच रहे चुनादरी जलप्रपात
बीते एक सप्ताह में चुनादरी जल प्रपात में पांच युवक डूब गए हैं। इसके बाद पुलिस ने चुनादरी जल प्रपात पर रोक लगा दी थी। रोक के बावजूद दोनों छात्र छिपकर चुनादरी जल प्रपात पर पहुंचे और गहरे कुंड में डूब गए।(हि.स.)



