
एसडीएम ने कोविड निगरानी समिति के सदस्यों के साथ की बैठक, टीकाकरण के लिए किया प्रेरित
दुद्धी (सोनभद्र) : कोरोना महामारी से बचाव व तीसरी लहर के पूर्व बरते जाने वाली सावधानियों को लेकर मंगलवार को एसडीएम दुद्धी रमेश कुमार ने ताबड़तोड़ बैठक की। दुद्धी नगर पंचायत के चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि,ईओ भारत सिंह समेत दर्जनों सभासदों के साथ निगरानी समिति के सदस्यों से कहा कि वे अपने क्षेत्र के सभी लोगों पर पैनी नजर रखे। डोर टू डोर जांच कराई जा रही है। उस पर नजर रखने के साथ ही लोगों को महामारी से घबड़ाने के बजाय समझाते हुए कोरोना को हराने की बात कही। इसके साथ लोगों को वैक्सीन लगवाने के प्रति जागरूक करे। जिससे खतरा को कम से कम किया का सके।
इसके बाद कई गांवों में भी कोविड निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए तथा गांवों में अधिक से अधिक कोविड टीका लगवाने के लिए जागरूक किया। उप जिलाधिकारी श्री कुमार ने ग्राम निगरानी समिति के सदस्यों तथा प्रधान और पूर्व प्रधान को बाहर से आने वाले व्यक्तियों, लक्षण वाले व्यक्तियों तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों की निगरानी करने, उनका टेस्ट कराने, दवाइयों देने तथा पर्यवेक्षण करने तथा वार्ड मेंबर और प्रधान के द्वारा गांव में किसी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया जिससे कोरोना महामारी से एकजुट होकर लड़ा जा सके।उन्होंने ग्राम पंचायत हथवानी तथा बघाडू सहित कई गांवों में दुद्धी खंड विकास अधिकारी अनिल वर्मा के साथ ग्राम निगरानी के सदस्यों और वर्तमान और पूर्व ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की और आवश्यक निर्देश दिए।



