
जौनपुर में कोरोना संक्रमण के नए मरीजों को ढूंढने के लिए समूहों को लक्ष्य कर सैंपलिंग
फिलहाल एल-2 अस्पताल में मरीज का उपचार, एल-1अस्पताल होल्ड पर, विद्यालयों को पूरी सुरक्षा रखने का निर्देश
जौनपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के नए मरीजों को ढूंढने के लिए समूहों को लक्ष्य कर नमूने लिए जा रहे हैं। बैंक, विद्यालय, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ठेले खोमचा दुकान, मंडियों, माल आदि स्थानों पर अलग-अलग दिनों में शिविर लगाकर जांच की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को टीडी कालेज में कैंप लगाकर शिक्षक और कर्मचारियों की कोरोना जांच हुई। स्वास्थ्य टीम ने कालेज के 65 शिक्षक और कर्मचारियों की जांच की, इसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिला चिकित्सालय की टीम ने डॉ. युसुफ सईद के नेतृत्व में प्रयोगशाला सहायक अम्बरीश कुमार दुबे एवं लैब टेक्निशियन कमलेश यादव एवं सूरज सिंह ने कालेज के बलरामपुर हाल में प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की कोरोना जांच की। इसमें सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली। जांच के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज सिंह, डॉ. राजीव प्रकाश सिंह, डॉ. दल सिंगार सिंह, डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, डॉ. आरएन ओझा, डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, डॉ. हिमांशु सिंह, शक्ति प्रकाश सिंह, उमेश सिंह, विजय कुमार मौर्या, दिलीप कुमार सिंह, उषा सिंह, चंद्र प्रकाश गिरि आदि मौजूद रहे। उधर बाहर से आने वालों पर समितियों को निगरानी करने को कहा गया है। कहीं कोई संक्रमित मिल रहा है तो उसके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश कर जांच कराई जा रही है। नगरीय क्षेत्र में एक संक्रमित मिलने पर 50 और दो संक्रमित मिलने पर 100 घरों की सैंपलिंग कराई जा रही है।
कोरोना संक्रमण और मरीजों की संख्या बढ़ने पर समस्या से निबटने के लिए एल-1 अस्पतालों को फिर से चालू करने की भी तैयारी है। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया है कि फिलहाल एल-1 अस्पतालों को बंद नहीं किया गया है। उन्हें होल्ड पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर केवल ताला खोलना है। इलाज का पूरा सामान वहां मौजूद है। वहां दो गार्ड सामानों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। संक्रमण बढ़ने पर इन अस्पतालों को फिर से चालू कर दिया जाएगा। महिला अस्पताल परिसर में स्थापित एल-टू अस्पताल में मरीज रखे जा रहे हैं। जिले में 10 से 15 मरीज प्रतिदिन पॉजिटिव मिल रहे हैं। शासन के निर्देश के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। दूसरी तरफ मीरजापुर के एक स्कूल में आठ बच्चों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले का शिक्षा विभाग स्कूलों में कोरोना नियमों के पालन को लेकर पूरी एहतियात बरत रहा है। सभी स्कूलों को मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है। प्रभारी डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रत्येक स्कूल को फिर से कड़े निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में बुधवार से विशेष अभियान शुरू किया गया है। सभी बीईओ, एआरपी व अन्य सक्षम अधिकारियों के माध्यम से इसकी जांच कराई जा रही है कि स्कूलों में मानक का पालन हो रहा है या नहीं।



