Breaking News

शिक्षा मंत्री के बयान पर राजद और जदयू में दरार

पटना । बिहार में शिक्षा मंत्री डा चंद्रशेखर की रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान छिड़ गई है। एक तरफ राजद ने शिश्रा मंत्री के बयान को समर्थन दे दिया है, तो वहीं जदयू लगातार इसकी आलोचना कर रही है। जेडीयू और आरजेडी दोनों पार्टी एक दूसरे को अपनी बयानबाजियों से घेर रही है। इसी कड़ी में जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने RJD नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री के टिप्पणी मामले में राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे बयानों से भाजपा को सीधा फायदा होगा।

उपेंद्र कुशवाहा ने राजद से मांगा जवाब

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जिस विषय पर शिक्षा मंत्री ने टिप्पणी की है वह भाजपा का एजेंडा है। इस तरह के मुद्दे पर बोलने का मतलब उनकी पिच पर खेलना है। ऐसी बयानबाजी पर रोक लगाना जरूरी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री द्वारा रामचरितमानस पर टिप्पणी करना भाजपा को सीधे फायदा पहुंचाना है, क्योंकि यह भाजपा का एजेंडा है, जो सीधा उनको लाभ पहुंचाएगा, जबकि हमारा एजेंडा इन सभी वर्षों में सीएम द्वारा किए गए कार्य, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और विकास है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राजद ने कहा कि वे चंद्रशेखर की टिप्पणी के साथ खड़े हैं। इसका क्या मतलब है? मामले का संज्ञान लिया जाना चाहिए, इसकी आवश्यकता है।

शिक्षा मंत्री के पक्ष में उतरा राजद

बता दें कि श्रीरामचरितमानस, मनुस्मृति और बंच आफ थाट्स पर विवादास्पद बयान देने वाले राज्य के शिक्षा मंत्री डा. चंद्रशेखर की एक तरह देशभर में किरकिरी हो रही है, तो राजद से उन्हें समर्थन मिल गया है। शुक्रवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि पूरी पार्टी शिक्षा मंत्री और उनके बयान के साथ मजबूती से खड़ी है। यह मंडल और कमंडल के बीच की लड़ाई है। मंडल कभी कमंडल के सामने न झुका है और न झुकेगा। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर को अपने बयान से पीछे हटने की कोई आवश्यकता नहीं है। मालूम हो कि शिक्षा मंत्री ने श्रीरामचरितमानस, मनुस्मृति और बंच आफ थाट्स को समाज में विद्वेष फैलाने वाला ग्रंथ कहा था।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button