लखनऊ के रास्ते चली हैदाराबाद-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को राहत
लखनऊ । रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 02575 हैदाराबाद-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का संचालन शुक्रवार रात 09:05 बजे की बजाय एक घंटा 03 मिनट की देरी से 10:08 बजे से लखनऊ के रास्ते शुरू कर दिया है। इससे गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक 02575 हैदाराबाद-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का संचालन शुक्रवार रात 09:05 बजे की बजाय एक घंटा 03 मिनट की देरी 10:08 बजे से शुरू किया गया है। इस स्पेशल ट्रेन का संचालन अब 24 जून तक हैदराबाद से प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा। ट्रेन सिकन्दराबाद, काजीपेट, पेड्डापल्ली, बल्लारशाह होकर सुबह नागपुर पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर इटारसी,भोपाल, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जंक्शन (झांसी),उरई, पोखरायां, कानपुर सेंट्रल होकर शनिवार रात 12:48 बजे लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर पहुंचेगी। ऐशबाग से रात 12:58 बजे छूटकर यह ट्रेन लखनऊ सिटी, गोंडा से होते हुए गोरखपुर रविवार सुबह 06:30 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह से वापसी में 02576 गोरखपुर-हैदराबाद ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन 03 अप्रैल से 26 जून तक चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक रविवार को गोरखपुर से सुबह 08:30 बजे चलकर गोंडा से 11:05 बजे, बाराबंकी से दोपहर 12:20 बजे, लखनऊ सिटी से 01:12 बजे होकर ऐशबाग 01:28 बजे आएगी। ऐशबाग से 01:38 बजे रवाना होकर ट्रेन सोमवार को शाम 4:20 बजे हैदराबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में अप-डाउन दोनों तरफ कुल 22 बोगियां लगेंगी। इसमें जनरेटर सह लगेज यान की दो, सेकेंड सीटिंग क्लास की दो, स्लीपर क्लास की सात, एसी थर्ड की नौ और एसी सेकेंड की दो बोगियां होंगी।(हि.स.)



