Breaking News

भाजपा की प्रचंड जीत का श्रेय जनता और कार्यकर्ताओं को : रमापति राम त्रिपाठी

देवरिया । चारों राज्यों में यूपी, उत्तराखण्ड, मणिपुर, गोवा में फिर भाजपा की सरकार बनने तथा देवरिया में सातों सीट पर भाजपा की जीत दर्ज होने से भाजपा कार्यकर्ताओं ने अबीर, गुलाल, फूल, माला, मिठाई बांट कर जश्न मनाया।इस प्रचंड जीत पर सदर सांसद डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जादू पूरे देश में बरकरार है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की दुबारा पूर्ण बहुमत की जीत ऐतिहासिक है। उत्तर प्रदेश और देवरिया की जनता ने साइकिल पंचर कर दिया है, अब उसे बनाने में 25 साल लगेगा।सपा गठबंधन के तथाकथित दिग्गज नेताओं को भी जनता ने ठुकरा दिया है। भाजपा को बदनाम करने के लिए सपा के अखिलेश यादव ने चुनाव के समय और मतगणना से पहले झूठ बोलने की आटोमैटिक मशीन के रूप में काम किया था।

सदर सांसद डॉ. रमापतिराम ने कहा कि यूपी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का कारण बूथ तक भाजपा का मज़बूत संगठन होना, डबल इंजन सरकार द्वारा ग़रीबों के लिए जीवन स्तर में सुधार, निःशुल्क राशन वितरण के साथ अति पिछड़े अति दलित वोटरों का मोदी योगी के प्रति भरोसे के साथ सुशासन, विकास, सुरक्षा आदि मुद्दों पर कमल को वोट मिला। उन्होंने कहा कि इस जीत पर देवरिया जनपद के समस्त कार्यकर्ताओं और जनता का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। सभी नवनिर्वाचित विधायकों को भी पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं की तरफ से बधाई देता हूँ।

जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह ने कहा कि विकास करने वाला शासन, मुफ्त में गुणवत्ता वाला राशन, युवाओं का विश्वास, लाभार्थियों की आस, सबकी सुरक्षा का संकल्प, जनता जान गई थी कि सुशासन के लिए बीजेपी ही विकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता को वोटबैंक समझ कर जातियों में बांटने वाले चुनाव हार गए हैं। सबका साथ-सबका विकास करने वाला कमल का फूल जीत गया।

बुलडोजर पर चढ़ मनाया जश्न

भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर मोड़, भटवलिया चौराहा, कचहरी चौराहा, सुभाष चौक, मालवीय रोड, बालाजी मंदिर, सोमनाथ मंदिर तक बुलडोजर पर सवार होकर नारेबाजी करते जीत का जश्न मनाया। बुलडोजर पर धनुषधारी मणि, रामदास मिश्रा, अम्बिकेश पाण्डेय, मानस राज पाण्डेय, दिव्यांशु दूबे आदि कार्यकर्ता रहे।

बोले निर्वाचित विधायक

सूर्यप्रताप शाही – हम इस अपार समर्थन के लिये जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूँ। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी और भाजपा सरकार के कार्यों में जनता के अटूट विश्वास की जीत है।

जयप्रकाश निषाद – प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के नीतियों पर जो काम किया है, उसी पर यह जनता की मोहर है। इस अभूतपूर्व समर्थन के लिये रुद्रपुर की जनता का आभार व्यक्त करता हूँ।

शलभ मणि त्रिपाठी – जनता के इस प्यार और दुलार का सदैव ऋणी रहूंगा और इस ऋण को सूद समेत जनता को वापस करूंगा।

सुरेन्द्र चौरसिया – भाजपा ने एक कार्यकर्ता को टिकट देकर और रामपुर की जनता ने इसे जीत में बदल कर जो इस गरीब परिवार के बेटे को सम्मान दिया है, उसका कर्ज कभी नही भूलूंगा। क्षेत्र के विकास के लिये जो भी करना होगा करूंगा।

विजय लक्ष्मी गौतम – जो आशीर्वाद सलेमपुर की सम्मानित जनता ने दिया है, उसे क्षेत्र का विकास करा उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी।

दीपक मिश्रा शाका – यह जीत बरहज की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की है। बरहज के विकास के लिये जो भी जरूरी होगा करूंगा।

सभाकुअर कुशवाहा – जो सम्मान भाटपाररानी द्वारा मुझे दिया गया है, उस सम्मान के लिये भाटपाररानी के लिये जो करना होगा करूंगा।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button