Politics

राहुल गांधी के बयान पर भड़के राजनाथ सिंह, बोले- लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा

राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की विदेश नीति पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बयान को ओछा और निंदनीय बताते हुए इसे स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा करार दिया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी राहुल गांधी की भाषा और राजनीतिक व्यवहार की आलोचना की। भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी को लेकर की गई टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई।

नयी दिल्ली  : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गयीं टिप्पणियों और उनका मजाक उड़ाये जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तीखी आलोचना की है और उन्हें बयान को भद्दा, अश्लील और असभ्य करार देते हुए उनके व्यवहार को लोकतंत्र के लिए खतरे का संकेत करार दिया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को श्री गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “कल विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने श्री मोदी और भारत की विदेश नीति पर जो बातें कहीं, वे ओछी और निंदनीय हैं। यह मेरे लिए भी व्यक्तिगत रूप से दुखद है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में मैंने किसी भी विपक्ष के नेता का ऐसा अभद्र और अकल्पनीय व्यवहार कभी नहीं देखा। ऐसा व्यवहार एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।

“उन्होंने कहा कि श्री गांधी के मन में श्री मोदी को लेकर कुंठा हो सकती है, लेकिन ऐसी अभद्र बातें स्वीकार्य नहीं हैं, खासकर तब जब श्री मोदी ने देश और विदेश में भारत का मान बढ़ाया है और ‘विकसित भारत’ का रास्ता तैयार किया है।। बारह वर्षों तक पूरी लगन से काम करते हुए उन्होंने एक भी छुट्टी नहीं ली। ऐसे प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी अभद्र बातें हर भारतीय को दुख पहुंचाती हैं।

श्री सिंह ने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी से विनम्रतापूर्वक कहना चाहता हूं कि ऐसी भाषा और व्यवहार के बाद क्या वे लाल-बाल-पाल और गांधी, पटेल और नेहरू, सुभाष बाबू से लेकर राजेंद्र बाबू और शास्त्री जी और नरसिम्हा राव जी से लेकर प्रणब मुखर्जी तक की विरासत पर कोई दावा कर सकते हैं?”उन्होंने कहा कि इस व्यवहार से श्री गांधी ने न केवल श्री मोदी का अपमान किया है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को तार-तार कर दिया है। उन्होंने कहा, ” मैं सोच भी नहीं सकता कि गांधी उपनाम वाला कोई व्यक्ति इतनी शर्मनाक बात कह सकता है।”वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, “विपक्ष के ऐसे नेता को देखना ही बाकी रह गया था। यह देश के लोकतंत्र का दुर्भाग्य है। कांग्रेस के लिए भी यह कितने दुख की बात होगी कि उन्हें श्री गांधी को अपना नेता मानना पड़ रहा है।

“गौरतलब है कि श्री गांधी ने गुरुवार को यहां सम्मेलन में कहा था, “मुझे नहीं पता कि उन्हें (श्री मोदी) को यह विचार कहाँ से आया। लोगों के दिमाग में अजीब-अजीब बातें आती हैं। उन्हें लगता है कि यही विदेश नीति है।” इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाया। इस पर श्री दीक्षित ने कहा, “मेलोनी समझकर तो नहीं गले लगाया था?” उनका इशारा इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और श्री मोदी की ओर था।” इसके बाद श्री गांधी ने कहा, “मैं अभी उस स्तर तक नहीं पहुँचा हूँ।” इसके बाद वहां लोग हँस पड़े।

श्री गांधी की हरकत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्रा ने कहा कि श्री गांधी की भाषा और राजनीतिक व्यवहार ‘दिन-ब-दिन’ गिरता जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री तथा इटली की प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ की गयी टिप्पणियों को शर्मनाक बताया।(वार्ता)

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस: पीएम मोदी ने बंटवारे के पीड़ितों के साहस को किया नमन

युवाओं के नाम राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश, 2047 का लक्ष्य सामने रखा

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button