24 घंटे में बारिश का कहर, इन राज्यों में सबसे ज्यादा बरसे बादल
देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में केरल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई। केरल के कन्नूर में सर्वाधिक 36 सेंटीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने किसानों को खेतों से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी है ताकि फसलों को जलभराव से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
नयी दिल्ली : मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गयी है।मौसम विभाग के रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में मानसूनी गतिविधियों का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। केरल के कन्नूर जिले के अय्यनकुन्नू में सबसे ज्यादा 36 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी।तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी में 29 सेंटीमीटर और सुल्या में 21 सेंटीमीटर बारिश हुई।
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले की बांसी तहसील में 24 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी।दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के शिवमोगा जिले के थलागुप्पा में 23 सेंटीमीटर और चिकमगलुरु के शृंगेरी में 22 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के ऊपरी भवानी क्षेत्र में 21 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी।सौराष्ट्र के मोरबी जिले में 18 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि मध्य महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्थित महाबलेश्वर और कोल्हापुर के राधानगरी में 13-13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।
गुजरात क्षेत्र के वलसाड जिले के कपराडा में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। ओडिशा के ढेंकनाल और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के बेलगावी में भी 11-11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर (ब्राह्मणी) में नौ सेंटीमीटर, मेघालय के मासिनराम में नौ सेंटीमीटर और अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में नौ सेंटीमीटर वर्षा हुई है।बिहार के रोहतास जिले में आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और कीर्तिनगर और सिक्किम के युक्सोम में सात-सात सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।
पूर्वी राजस्थान के उदयपुर जिले के सलूम्बर और बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में भी सात-सात सेंटीमीटर बारिश हुई। कोंकण क्षेत्र के रायगढ़ जिले में माथेरान और पालघर के वाडा में सात-सात सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।मौसम विभाग ने राज्यों के कृषि विभागों और किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश हुई है, वहां फसलों में लंबे समय तक पानी भरने से रोकने के लिए खेतों से जल निकासी का सही इंतजाम तुरंत करें। (वार्ता)
मानसून सत्र से पहले योगी की विपक्ष से बड़ी अपील, सदन में उठाएं जनता के मुद्दे
यूपी विधानसभा में अब दिखेगा नया अंदाज, CM योगी ने किया शुभारंभ



