
गर्भवती यात्री ने रेलवे स्टेशन पर बच्चे को दिया जन्म
स्टेशन मास्टर की सूझबूझ से वेटिंगरूम में हुआ सुरक्षित प्रसव
दुद्धी,सोनभद्र : दुद्धी रेलवे स्टेशन पर शनिवार की मध्य रात्रि पति संग ट्रेन पकड़ने आई एक गर्भवती महिला को स्टेशन पर ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी भनक लगते ही एसएम शैलेश कुमार सिंह आरपीएफ के हेड कांस्टेबल एसएन यादव व ब्रजेश कुमार के साथ मिलकर प्रसव पीड़िता को वेटिंग रूम में सुरक्षित लिटाने के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद अन्य महिला यात्रियों की मदद से उसकी सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद ऐंबुलेंस की मदद से जच्चा व बच्चा को सीएचसी में दाखिल कराकर दोनों की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुआ गांव निवासी उमेश कुमार गोस्वामी अपनी गर्भवती पत्नी पिंकी(28वर्ष) के साथ कही जाने के लिए रात करीब दस बजे दुद्धी स्टेशन पहुंचे| वहां पहुंचने के साथ उसे प्रसव पीड़ा का एहसास होने लगा| वह संकोच वश पानी टंकी के समीप अँधेरे में छिप कर तड़पने लगी| इस बीच ड्यूटीरत स्टेशन मास्टर शैलेश कुमार के संज्ञान में आते ही वे तत्काल आरपीएफ के हेड कास्टेबिल एसएन यादव व ब्रजेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे| महिला के पति से पूछताछ करने के बाद तत्काल उसे वोटिंग रूम में ले जाकर सुरक्षित लिटाया| वहां मौजूद अन्य महिला यात्रियों की मदद से उसका दूसरा सफल प्रसव कराया| तब तक सूचना पाकर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गया| स्वस्थ्य बालक का जन्म देने के बाद महिला को एंबुलेंस के जरिये सीएचसी में दाखिल कराया| रविवार को दोपहर तक जच्चा-बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ्य थे|



