
दुद्धी,सोनभद्र : विकास खंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत गुलालझरिया में बेहतर प्रबंधन एवं ग्रामीण विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कृत किये जाने की खबर लगते ही ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। ब्लाक क्षेत्र के इस एकलौते गांव का चयन मुख्यमंत्री सम्मान सूची में होने से ग्रामीणों ने जमकर उत्सव मनाया। इस उपलब्धि का श्रेय ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान त्रिभुवन यादव को देते हुए, प्रधान सम्मान समारोह का आयोजन किया और श्री यादव को फूल-मालाओं से लाद दिया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रधान त्रिभुवन ने कहा कि ग्रामीणों से एक एक रुपए चंदा लेकर चुनाव लड़ा था और वादा किया था कि गांव को सम्मान दिलाऊंगा। गांव को सम्मान दिलाकर, आज हमने अपना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के तहत यह पुरस्कार आजीविका युक्त गांव, महिला हितैषी, बाल मैत्री, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत सुविधा युक्त, पर्याप्त जलयुक्त, स्वच्छ और हरा भरा गांव जैसे बिंदुओं के साथ साथ सुशासन एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन करने वाली ग्राम पंचायतों को दिया गया है।

उन्होंने कहा कि गांव की जनता के सहयोग, जिला प्रशासन के प्रोत्साहन तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त प्रभाकर सिंह मास्टर ट्रेनर एनआईआरडी,पीआर भारत सरकार के कुशल मार्गदर्शन से यह सम्मान हासिल हुआ है। गांव वालों की अपेक्षा के अनुरूप हम गांव को एक नई दिशा देंगे, जो पीढ़ियों तक याद की जाएगी। प्रधान ने कहा कि हमारा प्रमुख लक्ष्य है कि गांव में बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव एवं पर्यावरण में बेहतर रोजगार के अवसर देंगे।
सम्मान समारोह में प्रमुख रूप से विद्यालय के स्टाफ ज्ञानचंद मौर्य प्रधानाचार्य,श्रुति सागर मिश्रा, देवमुनि सिंह , रमेश कुमार गुप्ता एवं वार्ड पंचायत सदस्य रामवृक्ष यादव, रामचंद्र सिंह, श्याम बिहारी, रजवंती देवी, दिनेश कुमार मुर्मी,बृज मोहन, विपुल आनंद समेत सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे।



