State

सियासी सरप्राइज: बंगाल में भाजपा आगे, तमिलनाडु में विजय की TVK ने मारी बाजी

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना के रुझानों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल में भाजपा बहुमत की ओर बढ़ रही है, जबकि तमिलनाडु में अभिनेता विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। केरल में कांग्रेस गठबंधन की वापसी के संकेत हैं, वहीं असम और पुड्डुचेरी में NDA आगे है। इस बीच ममता बनर्जी ने मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।

नयी दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना के रूझानों में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भारी उलटफेर की संभावना के साथ भारतीय जनता पार्टी बंगाल में अपने दम पर जबरदस्त बहुमत हासिल करने जा रही है वहीं तमिलनाडु में अभिनेता विजय के करिश्में के दम पर टीवीके स्पष्ट रूप से सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेतों के बीच एक दशक बाद कांग्रेस के नेतृत्व में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की सरकार बनने की प्रबल संभावना है।असम और पुड्डुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की वापसी निश्चित लग रही है।

चुनाव आयोग के रूझानों के आंकड़ों के अनुसार एक बजे तक पश्चिम बंगाल में एग्जिट पोल के अनुमानों के अनुरूप भाजपा को शुरूआती रूझानों में स्पष्ट बढत मिल रही है और वह अकेले दम पर जबरदस्त बहुमत हासिल करने जा रही है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 284 के आरंभिक रूझानों में विपक्षी भाजपा 187 तो सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस केवल 92 सीटों पर आगे चल रही है। वर्ष 2021 के चुनावों में तृणमूल ने 220 तो भाजपा ने 71 सीटें जीती थी।तमिलनाडु में भी रूझानों में एग्जिट पोल के विपरीत भारी उलट फेर देखने को मिला है।

राज्य में अभी तक रूझानों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत के संकेत नहीं हैं लेकिन विधानसभा की 234 में से 224 सीटों के रूझानों में टी वी के अप्रत्याशित रूप से110 सीटों से साथ सबसे आगे है। अन्नाद्रमुक दूसरे स्थान पर 57 सीटों पर तथा सत्तारूढ द्रमुक 48 सीटों पर आगे रहते हुए तीसरे स्थान पर है। कांग्रेस 4 तथा पीएमके 5 सीट पर आगे है। पिछले चुनाव में द्रमुक गठबंधन को 158 जबकि अन्नाद्रमुक गठबंधन को 69 सीटें मिली थी।

असम विधानसभा की 126 में से 124 सीटों के रूझान मिलने हैं और इनमें राजग को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। रूझाानों में भाजपा को 79 , कांग्रेस को 24 , असम गण परिषद को 09 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीओपीएफ) को 10 सीटों पर बढत हासिल है। पिछले चुनावों में राजग को 74, कांग्रेस गठबंधन को 28 तथा एयूडीएफ को 15 सीटें मिली थी।केरल में अनुमानों के अनुरूप कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा को बहुमत मिलने जा रहा है। विधानसभा की 140 में 127 सीटों के रूझान मिले हैं जिनमें से कांग्रेस को 63 उसके सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 23 , मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को 25, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को 09 और केएफसी को 7 सीटों पर बढत मिल रही है।

पिछली चुनाव में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा को 94 और संयुक्त मोर्चा को 42 सीट मिली थी।पुड्डुचेरी विधानसभा की 30 में से 16 सीटों के परिणाम और शुरूआती रूझानों मिले हैँ जिनमें राजग के बहुमत की ओर बढने के संकेत मिले हैं। एआईएनआरसी ने छह सीटें जीत ली हैं और उसके उम्मीदवार तीन सीटों पर आगे हैं। निर्दलीय उम्मीदवार एक सीट पर जीत के साथ दो सीटों पर आगे चल रहे हैं । भाजपा ने एक सीट जीती है और एक पर आगे है। कांग्रेस और अन्नाद्रमुक ने भी एक-एक सीट जीती है।

कई केंद्रों पर मतगणना रोक दी गयी हैः ममता बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि कल्याणी में लगभग 100 केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई है और कम से कम सात ईवीएम के परिणामों को गिनती में शामिल नहीं किया गया है।उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा ‘हम सूर्यास्त के बाद जीतेंगे’। सुश्री बनर्जी की यह पोस्ट दोपहर करीब 12 बज कर 35 मिनट पर आई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि कई केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राजनीतिक विरोधी परिणामों में हेरफेर करने की कोशिश कर रहे हैं।

तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि कल्याणी में लगभग 100 केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई और कम से कम सात ईवीएम के परिणामों को गिनती में शामिल नहीं किया गया है।सुश्री बनर्जी ने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस को पिछड़ता हुआ दिखाने और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर करने की भाजपा की एक स्पष्ट योजना है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के काउंटिंग एजेंटों और उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे किसी भी स्थिति में मतगणना केंद्र न छोड़ें।तृणमूल नेता ने यह भी कहा कि केंद्रीय बल उनकी पार्टी के कार्यालयों को तोड़ रहे हैं और राज्य पुलिस केंद्रीय बलों के अधीन काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस कम से कम 70 से 100 सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन हमारा मनोबल गिराने के लिए इन आंकड़ों को जानबूझकर रोका जा रहा है। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करती हूँ कि वे इसमें न फंसें।चुनाव आयोग और सुरक्षा एजेंसियों ने इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। रिपोर्ट लिखे जाने तक भाजपा ने भी इन दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।चुनाव परिणामों के हालिया रुझान संकेत देते हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 182 विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही है।

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल, लजीज व्यंजनों का इंतजाम

देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों को लेकर यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दफ्तर में जश्न का माहौल है और यहां पर करीब पांच सौ लोगों के खाने के लिए लजीज व्यंजन बन रहा है।मतगणना के रुझानों के अनुसार भाजपा जहां असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाते दिख रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।पार्टी को मिले जन समर्थन से भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित है और जश्न मनाने की तैयारी में जुट गये हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां के दीन दयाल मार्ग पर स्थित भाजपा मुख्यालय में लगभग 400 से 500 लोगों के लिए भोजन बनाया जा रहा है। नाश्ते में सैंडविच, आलू पूरी, पोहा, जलेबी के साथ फ्रेश फ्रूट्स, लस्सी, रबड़ी और पारंपरिक मिष्टी दोई परोसा जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम करीब साढ़े छह बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और पार्टी को मिली जीत के जश्न में शामिल होंगे। श्री मोदी यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।वहीं, भाजपा कार्यकर्ता असम और बंगाल में जगह-जगह मिठाइयां बांट कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की भारी जीत तय दिख रही है। भाजपा कार्यकर्ता रंग-गुलाल उड़ा रहे हैं और एक-दूजे को बधाई दे रहे हैं।

देश में इंडिया गठबंधन का अब कोई भविष्य नहीं हैः पूनावाला

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना के रुझानों को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है और कहा कि वह (श्री गांधी) इंडिया गठबंधन को संभालने में नाकाम साबित हुए हैं, जिसके कारण इस गठबंधन का अब कोई भविष्य नहीं है।श्री पूनावाला ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि देश में लगातार 12 सालों तक सत्ता में रहने के बावजूद नए राज्यों में भाजपा की सरकारें बन रही हैं। भाजपा का वोट शेयर बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से लोगों का भाजपा पर भरोसा और भी मज़बूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव का सबसे बड़ा नतीजा यह है कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से टूट गया है और खत्म हो गया है। श्री गांधी इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करने में नाकाम साबित हुए हैं।पूरे चुनाव के दौरान यह साफ दिखा कि श्री इंडिया गठबंधन को संभालने में असफल रहे।उन्होंने कहा कि आज चुनाव के नतीजे आ रहे हैं, और श्री गांधी छुट्टियां मनाने के लिए फिर से विदेश चले गए हैं। गठबंधन के साथियों के बीच कोई तालमेल नहीं था। अब देश में इंडिया गठबंधन जैसी कोई चीज़ बची ही नहीं है।भाजपा प्रवक्ता ने कहा ” इंडिया गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है। अलविदा इंडिया गठबंधन ।”(वार्ता)

बिजली से ज्यादा बिल का झटका, स्मार्ट मीटर पर जनता का गुस्सा क्यों फूटा?

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button