
पार्टी हमारी मां, कार्यकर्ता इसकी संतान और पार्टी की रीढ़ : स्मृति ईरानी
भाजपा के जिला कार्य समिति की बैठक में केन्द्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
वाराणसी । केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने वाराणसी प्रवास के दूसरे और अन्तिम दिन मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का जमकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी हमारी मां है,कार्यकर्ता इसकी संतान और पार्टी की रीढ़ भी है। रोहनिया केशरीपुर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित जिला कार्य समिति की बैठक को केन्द्रीय मंत्री सम्बोधित कर रही थी। बैठक में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने केन्द्रीय मंत्री का स्वागत कर स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ की मजबूती पर खासा जोर दिया। प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने केन्द्र सरकार के आठ साल पूरे होने पर विभिन्न कल्याण कारी योजनाओं का जिक्र किया। बैठक में विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री डॉ मुंजीपारा महेंद्र भाई,सांसद बीपी सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मेयर मृदुला जायसवाल, क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी तथा पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह मंचासीन रहे। संचालन प्रवीण सिंह गौतम तथा संजय सोनकर,अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने किया।
-आंगनबाड़ी के बच्चों से किया संवाद
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक के अलाउद्दीनपुर के आंगनबाड़ी केन्द्र में भ्रमण किया। केंद्र में केन्द्रीय मंत्री नेे गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म निभाई और पोषण पोटली वितरित की। इसके बाद परिसर स्थित नंद घर को देखने के बाद बच्चों से संवाद कर उनके पढ़ाई का हाल जाना। केन्द्रीय मंत्री ने शिक्षक की भांति बच्चों को गिनती और एबीसीडी भी पढ़ाई।
-कोरौता वेलनेस सेंटर में भ्रमण
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वाराणसी के व्यस्ततम दौरे के बीच कोरौता स्थित वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने केन्द्र में इलाज के लिए आई महिलाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना। इसके बाद एएनएम से केन्द्र में मिलने वाली सुविधाओं आदि को लेकर जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में स्टाक की दवाइयों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान सीएमओ, सीडीओ, बीडीओ रक्षिता सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी और अन्य अफसर भी मौजूद रहे।(हि.स.)



