HealthState

24 करोड़ की आबादी वाले राज्य में मात्र 24 कोरोना केस ही शेष: सीएम

- प्रदेश के 15 जनपदों में एक भी एक्टिव केस नहीं, कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 06 करोड़ 32 लाख के पार, सर्वाधिक टीकाकरण करने वाला राज्य बना यूपी

– सीएम योगी ने मिशन शक्ति के तीसरे चरण का शुभारंभ करते हुए मंच से की स्वास्थ्य कर्मियों की प्रशंसा
– कोरोना को नियंत्रित करने में मिल रही सफलता से सीएम खुश, कहा-प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा कवच देने में मिली सफलता

लखनऊ । योगी सरकार के मजबूत कोविड प्रबंधन से शनिवार को 24 करोड़ की आबादी वाले राज्य में कोरोना के मात्र 24 एक्टिव केस ही सामने आए। प्रत्येक दिन कोरोना को नियंत्रित करने में मिल रही सफलता से खुश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की। इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में महिला शक्ति मिशन के तीसरे चरण का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना कालखंड के दौरान जब पूरी दुनिया कोरोना के सामने त्रस्त थी, पस्त थी। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के अंदर हमारे स्वास्थ्य कर्मियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करके प्रदेश के हर एक नागरिक को सुरक्षा प्रदान की है।

सीएम योगी ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा का एक कवच प्रदान करने में अपना योगदान देने का भरपूर प्रयास किया है। इसमें सफलता प्राप्त हुई। उसी का परिणाम है कि 24 करोड़ की आबादी के प्रदेश में आज मात्र 24 कोरोना के केस रहे गये हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 06 करोड़ 32 लाख के पार हो चुका है। 05 करोड़ 33 लाख से अधिक नागरिकों ने कोविड से बचाव के लिए टीके की कम से कम एक खुराक प्राप्त कर ली है। 98 लाख 95 हजार से ज्यादा लोगों ने टीके की दोनों डोज प्राप्त कर ली हैं।

इतना ही नहीं प्रदेश के 15 जनपद कोविड संक्रमण से पूरी तरह से मुक्त हो चुके हैं। 24 घंटे में हुई टेस्टिंग में 58 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि मात्र 17 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। किसी भी जिले में दहाई अंक में नए संक्रमित नहीं पाए गए। प्रदेश में अब तक 07 करोड़ 03 लाख 78 हजार 196 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। अब तक 16 लाख 85 हजार 901 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर 98.6% पहुंच गई है।

Related Articles

Back to top button