International

पाकिस्तान: इमरान खान के आजादी मार्च में चली गोलियां, एक की मौत, इमरान घायल

इस्लामाबाद । पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आजादी मार्च में गोलीबारी हो गयी है। अचानक चली गोलियों की चपेट में आकर इमरान सहित नौ लोग घायल हो गए हैं। एक व्यक्ति की मौत भी हो गयी। पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार किया है। अचानक हुई गोलीबारी से आजादी मार्च में अफरातफरी मच गयी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर हमले की निंदा की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लाहौर से इस्लामाबाद तक आजादी मार्च निकाल रहे हैं। गुरुवार को इस मार्च के सातवें दिन वजीराबाद में जफर अली खान चौक के पास इमरान खान के वाहन के पास इमरान को निशाना बनाकर गोलियां बरसाई गयीं। ताबड़तोड़ चली गोलियों में एक गोली इमरान खान को भी लगी। इससे वहां अफरातफरी मच गयी। इमरान सहित सभी घायलों को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया। हमले में एक व्यक्ति की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई है। नौ लोग घायल बताए गए हैं।

पाकिस्तानी समाचार माध्यमों के मुताबिक इमरान खान के दाएं पैर में गोली लगी है और वे घायल हो गए हैं। इमरान खान के करीबी फवाद चौधरी ने भी इमरान के पैर में गोली लगने की पुष्टि की। हालांकि उन्होंने इमरान खान के पूर्ण स्वस्थ होने की बात कही है। दरअसल, गोली लगते ही इमरान खान को पुलिस ने अपने सुरक्षा घेरे में लेकर उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन में शिफ्ट कर दिया था। इमरान खान के साथ मौजूद इमरान इस्माइली ने हमले में इमरान खान को तीन गोलियां लगने की बात कही हैं।

पाकिस्तान के मंत्री मुहम्मद बशारत राजा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सहित सरकार ने इमरान खान के काफिले पर हुई गोलीबारी की घटना पर सख्त रुख अख्तियार किया है। उन्होंने ट्वीट कर इमरान खान के सुरक्षित होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक से मामले में रिपोर्ट तलब की गयी है।

इस बीच पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे अज्ञात स्थान पर ले गयी है। मंत्री मुहम्मद बशारत राजा ने भी एक हमलावर की गिरफ्तारी की पुष्टि की। साथ ही उन्होंने कहा कि इमरान पर हमले में शामिल सभी लोगों को जल्द ही न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। इस बीच यह भी जानकारी मिली है कि हमले में इमरान खान के करीबी सीनेटर फैसल जावेद भी घायल हुए हैं। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक- ए- इंसाफ (पीटीआई) के नेता फर्रूख हबीब ने कहा कि कायरों ने अपना चेहरा दिखा दिया है।

इमरान खान हमले में घायल हैं। पूरे देश को उनकी सलामती के लिए दुआएं करनी चाहिए। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर हमले की निंदा की है। उन्होंने आंतरिक मामलों के मंत्री राणा सनाउल्ला से पंजाब के मुख्य सचिव व पुलिस महानिरीक्षक से तुरंत मामले की रिपोर्ट तलब करने को कहा है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button